केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को शिमला से समरहिल तक रेलवे के स्पेशल विस्ताडोम और झरोखा कोच के साथ टॉय ट्रेन में सफर किया। छह डिब्बों के साथ स्पेशल ट्रेन शाम 5:45 पर शिमला से समरहिल रवाना हुई और 6:25 पर शिमला रेलवे स्टेशन लौट आई। समरहिल रेलवे स्टेशन पर गोयल ने रेल कर्मचारियों और यात्रियों से बातचीत की। सफर के दौरान उन्होंने ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर वादियों को निहारने का भी आनंद लिया।
स्पेशल ट्रेन के साथ विस्ताडोम और झरोखा के अलावा सीटी 12, 13 कोच जोड़े गए थे। इससे पहले पीयूष गोयल ने रेल अधिकारियों के साथ शिमला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन की खूबसूरती और रखरखाव से गोयल संतुष्ट दिखे। रेलवे स्टेशन पर उन्होंने कुलियों से भी बातचीत की और पूछा कैसी चल रही है रेल। इस मौके पर रेलवे के डीआरएम गुरिंदर मोहन सिंह, सीनियर डीसीएम हरि मोहन के अलावा अंबाला डिविजन के सभी विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।
कालीबाड़ी मंदिर में टेका माथा
पीयूष गोयल शनिवार बाद दोपहर पौने चार बजे के करीब कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे। उनकी पत्नी भी साथ रहीं। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद उन्होंने खड़े रहकर मां की आराधना की। मंदिर परिसर से जाखू स्थित हनुमान मंदिर की मूर्ति को भी निहारा। शिमला आगमन के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ रहे। लेकिन कुछ देर बाद वह लौट आए। हालांकि शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज और सांसद सुरेश कश्यप समेत प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।