नेपाल भागने की फिराक में था एक आरोपी, शिमला शहर और ठियोग में बरामद चिट्टे के मामले में कार्रवाई
विज्ञापन
एक आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं चार मामले अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पंजाब में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ननखड़ी क्षेत्र का बलबीर सिंह उर्फ फौजी भी शामिल है, जिसे पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया है।
आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने पुराने मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए थे और लगातार ठिकाने बदल रहा था। दूसरे मामले में पुलिस ने लुधियाना से गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारियां शिमला शहर और ठियोग में बरामद चिट्टे के मामले में हुई हैं। पुलिस दोनों आरोपियों तक बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच करते हुए पहुंची। एएसपी मेहर पंवार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पहला मामला 27 अक्तूबर का है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी बैरियर पर एक टैक्सी की तलाशी ली। इस दौरान टैक्सी में सवार अमृतसर निवासी रेशम सिंह (34) के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि यह खेप ननखड़ी निवासी बलबीर सिंह उर्फ फौजी को सप्लाई की जानी थी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार बलबीर सिंह क्षेत्र में चिट्टे का बड़ा तस्कर है। इसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम एक सप्ताह से उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी लेकिन आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे और लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने ननखड़ी क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आया। बाद में उसके अमृतसर में होने की सूचना मिली। इस आधार पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि 52 वर्षीय बलबीर सिंह के खिलाफ पहले भी छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आबकारी अधिनियम के तहत दो और एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले शामिल हैं। वर्ष 2019 में ननखड़ी थाने में दर्ज मामले में उसके कब्जे से 380 ग्राम चरस और 29.37 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। वर्ष 2023 में कोटखाई थाने में दर्ज मामले में उससे 107.93 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। वहीं बालूगंज थाने में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में 150.05 ग्राम अफीम और 41.810 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2020 में कुमारसैन थाने में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए थे।
50 ग्राम चिट्टे के मामले में लुधियाना से गिरफ्तारी दूसरा मामला 27 सितंबर को ठियोग उपमंडल का है। यहां डिटेक्शन सेल की टीम ने गुम्मा में तीन आरोपियों रूपेश, शिवम वर्मा और लालू कुमार उर्फ कृष्णा के कब्जे से 50 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज स्थापित किया। इसमें सामने आया कि तीनों आरोपी लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा उर्फ गोपी (35) से चिट्टा खरीदकर बेचने के लिए लाए थे। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई के मुख्य स्रोत की तलाश शुरू की और गुरप्रीत सिंह को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गुरप्रीत सिंह के खिलाफ पंजाब में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2013 का अपहरण और बहला-फुसलाकर ले जाने से संबंधित मामला तथा वर्ष 2022 और 2026 के एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं। वर्ष 2022 के मामले में 2 किलो 415 ग्राम और वर्ष 2026 के मामले में 230 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
इस साल 94 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में अब पुलिस केवल नशे की खेप बरामद करने और स्थानीय तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई के मुख्य स्रोतों तक पहुंचने पर भी जोर दे रही है। वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या आठ और वर्ष 2024 में 15 थी। इसी तरह वर्ष 2026 में अब तक अंतरराज्यीय नशा तस्करी के 69 नेटवर्क ध्वस्त किए हैं, जबकि वर्ष 2024 और 2025 में ऐसे चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की थी।