सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के गमोहू में फोरलेन टनल के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए पहुंचे कर्मचारियों के साथ युवाओं की झड़प हो गई। इसमें दो कर्मचारियों के साथ युवा भी घायल हुए हैं। युवा बकाया राशि की मांग लेकर पहुंचे थे।
युवाओं ने भी फोरलेन टनल का कार्य किया है लेकिन उन्हें मजदूरी नहीं मिली है। बुधवार को जैसे ही उन्हें कार्य के शुरू होने की खबर मिली तो ये कार्यस्थल पर पहुंच गए। मारपीटी को लेकर डैहर पुलिस चौकी में दोनों पक्षों ने क्रॉस एफआईआर दर्ज करवा दी है।
दोनों पक्षों के घायल हुए कर्मचारियों के मेडिकल करवा कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मजदूर टनल के कार्य के लिए पहुंचे। दो वर्ष पूर्व कार्य कर चुके मजदूरों ने ठेकेदार से पहले उनके पैसे का भुगतान करने और उसके बाद कार्य शुरू करने की बात कही। इससे दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई।
इसमें स्थानीय युवाओं में सोहन लाल गांव भुवाणा, प्रमोद गांव गमोहू और निर्माण ठेकेदार की लेबर में इंद्र सिंह निवासी भटोली, बिलासपुर और रामलाल निवासी तुंग बलड़वाडा मंडी घायल हुए हैं। मौके पर डैहर पुलिस की एक टीम पहुंची और दोनों पक्षों के घायल व्यक्तियों का मेडिकल करवाया गया।
डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने बताया कि भुवाणा के गमोहू में फोरलेन टनल के अधूरे कार्य को करने पहुंचे ठेकेदार के दो मजदूरों और पहले से लंबित मजदूरी के पैसे लेने को लेकर स्थानीय युवाओं के मध्य मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाते हुए क्रॉस एफआईआर दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू दी है। संवाद