सलामी बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा के तिहरे शतक के बाद पंजाब के खिलाफ तेज गेंदबाज गुरुविंद्र सिंह का जादू चला है। गुरुविंद्र की घातक गेंदबाजी के चलते मेजबान हिमाचल रणजी ट्रॉफी में मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में हिमाचल के 729 रनों के जवाब में पंजाब ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट के नुकसान पर 484 रन बना लिए हैं। मैच में अभी एक दिन शेष है। ऐसे में हिमाचल मजबूत स्थिति में दिख रहा है।
तीसरा दिन गुरुविंद्र सिंह के नाम रहा। गुरुविंद्र ने 34 ओवर में 118 रन देकर कुल पांच विकेट लिए। रविवार को मैच के तीसरे दिन पंजाब ने 110 रन से आगे खेलना शुरू किया।
पंजाब के बल्लेबाज जीवनजोत ने 172 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 59 रन बनाए। उदय कौल ने 77 गेंदों में तीन चौकों के साथ 16, अनमोल प्रीत सिंह ने नौ चौके और एक छक्का लगाकर 81 गेंदों में 50, गुरुकीरत सिंह ने छह चौके लगाकर कुल 29, जबकि मयंक ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से 47 गेंदों में 31 रन बनाए।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अभिषेक गुप्ता 129 और अभिषेक शर्मा 81 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। अभिषेक गुप्ता ने 16 चौके और चार छक्के, जबकि अभिषेक शर्मा 12 चौके और एक छक्का लगाया। इससे पहले हिमाचल ने 729 रन पर पारी समाप्ति की घोषणा कर दी थी।