मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में आम आदमी पार्टी (आप) ने छह और गारंटियों का एलान कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। शुक्रवार को मंडी के कांगणी स्थित सांस्कृतिक भवन के सभागार में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इन गारंटियों के साथ विधानसभा चुनाव के लिए हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि शिमला, ऊना और कांगड़ा में चार गारंटियों की घोषणा की जा चुकी है। अब रोजगार गारंटी, व्यापारियों एवं पर्यटकों के लिए गारंटी, भ्रष्टाचार मुक्त गारंटी, पंचायत गारंटी, तीर्थ यात्रा गारंटी, बागवानों और किसानों के लिए गारंटी का एलान करने आया हूं।
सिसोदिया ने कहा कि आप सत्ता में आते ही छह लाख सरकारी नौकरियां सृजित करेगी। हर बेरोजगार को तीन हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देंगे। पेपर लीक पर कानून बनाकर सख्त सजा का प्रावधान करेंगे। नौकरियों की भर्ती में सिफारिश और भ्रष्टाचार खत्म होगा। वैट एमनेस्टी स्कीम लाई जाएगी, जिसमें छह माह के अंदर व्यापारियों का वैट रिफंड करवाएंगे।
हिमाचल के व्यापारियों को सरकार में भागीदार बनाया जाएगा। टूरिज्म इंडस्ट्री से संबंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनेगा। दिल्ली की तर्ज पर गाड़ी की रजिस्ट्रेशन, आयु, जाति, आय आदि प्रमाण पत्र घर में आकर बनाए जाएंगे। हर पंचायत को विकास कार्यों के लिए सालाना दस लाख की ग्रांट देंगे। प्रधान को 10,000 रुपये महीने का वेतन देंगे। बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा की गारंटी मिलेगी। पसंदीदा तीर्थ स्थल की यात्रा सरकारी खर्चे पर कराई जाएगी।
फसलों का उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करेंगे। खाद, बीज और कीटनाशक में सब्सिडी मिलेगी। उत्पाद के भंडारण, प्रोसेसिंग और बिक्री के लिए मंडियां और कोल्ड स्टोरेज यूनिट का निर्माण करेंगे। सेब पैकिंग के लिए कार्टन और ट्रे स्थानीय स्तर पर तैयार कर सस्ते दामों में उपलब्ध करवाएंगे। इस मौके पर पंजाब के सीएम भगवंत मान और आप प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर उपस्थित रहे।
आप की गारंटी
-कारोबारियों का वैट छह माह में होगा रिफंड
-बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा की दी गारंटी
-हर पंचायत को सालाना दस लाख की ग्रांट, प्रधान को 10,000 वेतन
-फसलों का उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य तय होगा, खाद, बीज और कीटनाशक पर भी देंगे सब्सिडी
सीबीआई, ईडी से डरने वाला नहीं : सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंडी में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हल्ला बोला। कहा कि सीबीआई और ईडी से डरने वाला नहीं हूं। सीबीआई रेड के दौरान मेरी पत्नी के कपड़ों की अलमारी का ताला तक खोला गया। लॉकर भी खोले गए, लेकिन लॉकर में चांदी के चम्मच के सिवाय कुछ नहीं मिला। यह वह चम्मच है, जिससे अपने बेटे को पानी पिलाता था। मुझे हर तरह से डराने की कोशिश की गई। दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने का प्रलोभन दिया गया, लेकिन मैं अडिग रहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने 70 सालों में कुछ नहीं किया है। केजरीवाल जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। दिल्ली की जनता को जो गारंटी दी गई, उन्हें पूरा किया गया है। अब पंजाब में भगवंत मान सरकार ने 5 महीने में ही हर गारंटी को पूरा करके दिखाया है। हिमाचल में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर हर गारंटी को पूरा किया जाएगा।
मंडी में विधायक की पार्किंग बनाने के लिए तोड़ रहे स्कूल
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीषसिसोदिया ने आरोप लगाया कि मंडी में सरकारी स्कूल तोड़कर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण जयराम सरकार कर रही है। भाजपा के एक विधायक के रिश्तेदार की मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने के लिए स्कूल को तोड़ रही है। आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर स्कूल को तोड़ने नहीं देगी। स्कूल बचाने की लड़ाई हर कार्यकर्ता लड़ेगा। प्रदेश सरकार शिक्षा के नाम पर सौदेबाजी कर रही है। प्रदेश में ऐसी शिक्षा दी जा रही है कि पीएचडी करके युवा चपरासी की नौकरी मांग रहा है। विधायक की पार्किंग बनाने के लिए स्कूल को तोड़ना सरकार के लिए कलंक है।
पांच-पांच साल राज किया, जनता को कुछ नहीं दिया : मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के नेता चुनावों के समय हर बार एक मौका मांगते रहे हैं। हिमाचल की सियासत में पांच साल भाजपा और पांच साल कांग्रेस का डॉक्टर का रिवाज चल रहा है। इससे भ्रष्टाचार की बीमारी बढ़ गई है। अब इसे खत्म करो, आम आदमी पार्टी को मौका दो। कहा कि कांग्रेस और भाजपा के चुनावी जुमलों पर भरोसा न करना। पंजाब में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के विधायक लाखों की पेंशन ले रहे थे। जो 6 बार विधायक बन गया उसकी पेंशन 5 लाख हो रही थी। आप की सरकार बनने पर कई बार विधायक रहने की पेंशन बंद कर दी अब एक ही पेंशन मिलेगी।