पुलवामा में शहीद हिमाचल के जवान तिलक राज के परिजनों को नगरपरिषद ठेकेदार यूनियन व लोक निर्माण विभाग यूनियन सोलन एक लाख रुपये देगी। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए नगरपरिषद ठेकेदार यूनियन व लोनिवि यूनियन ने एक शोकसभा नगर परिषद में की।
शोकसभा में सोलन के सभी ठेकेदारों ने हमले में शहीद हुए 40 जवानों को श्रद्धांजलि दी। नगरपरिषद ठेकेदार यूनियन के प्रधान करणजीत सिंह ने बताया कि शहीद हुए जवानों के परिजनों के साथ हर वक्त खड़ा है। लोनिवि यूनियन सोलन प्रधान हितेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों को शहर भर में सभाओं का आयोजन कर श्रद्धांजलि दी गई।
सभी ने घटना की पुरजोर निंदा करते हुए सरकार से मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अब आतंक पर करारे प्रहार की जरूरत है। इस अवसर पर नगर परिषद ठेकेदार यूनियन सचिव कुलभूषण पंत, राजेश कुमार, विवेक डोबाल, अनिल चौहान, पीडब्लूडी यूनियन सोलन ठेकेदार यूनियन सचिव विकास ठाकुर, नितिन, भसीन, विनय ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।