नगर निगम आयुक्त पंकज राय के खिलाफ बुधवार सुबह इंजनघर वार्ड में नारेबाजी हुई। वार्ड में विकास कार्य ठप होने से गुस्साए लोगों ने आयुक्त का घेराव करते हुए विरोध जताया। लोगों ने आरोप लगाया है कि आयुक्त को जब स्थानीय समस्याओं से अवगत करवाना चाहा तो वह गाड़ी से बाहर नहीं निकले।
स्थानीय पार्षद सुशांत कपरेट की अगुवाई में लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। इंजनघर वार्ड के पार्षद सुशांत कपरेट ने बताया है कि वार्ड में नए विकास कार्य ठप पड़ चुके हैं। इसको लेकर वार्ड के लोगों में रोष है।
नगर निगम आयुक्त से उनके इंजन घर वार्ड के दौरे के दौरान अपनी समस्याऐं रखना चाहते थे लेकिन आयुक्त अपनी गाड़ी से बाहर ही नहीं निकले। युवा मंडल संजौली के प्रधान अंकुश ने बताया कि आयुक्त से खाली पड़े नगर निगम के मैदान की दशा सुधारने की मांग उठाना चाहते थे।
उठाई समस्याएं
पूरे संजौली क्षेत्र में एक मात्र यहीं खेलने के लिए मैदान है। इंजनघर रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी के महासचिव दीपक डोगरा, उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान ने बताया कि पानी के टैंक की जर्जर हालत और उतराई में कभी भी टूटने वाले डंगे की हालत से आयुक्त को अवगत करवाना चाहते थे।
दक्षिण विहार क्षेत्र में सड़क की हालत खराब है और वहां पर सड़क के डंगे बैठ रहे हैं। सामुदायिक भवन और पार्किंग की मांग तथा समस्याओं को आयुक्त से साझा करना था लेकिन आयुक्त गाड़ी से नीचे नहीं उतरे।
जनप्रतिनिधि का हुआ अपमान
वार्ड पार्षद सुशांत कपरेट ने कहा कि आयुक्त को उनके वार्ड में लंबित पडे़ कार्यों को प्रत्यक्ष रूप में दिखाना चाहते थे। लेकिन निगम आयुक्त अपनी गाड़ी से बाहर ही नहीं निकले। यह वार्ड के जनप्रतिनिधि का अपमान है।
इंजनघर वार्ड के मैदान की डीपीआर 3.50 करोड़ और नया कामकाजी महिला आवास की डीपीआर 3.75 करोड़ पर कोई भी अमली जामा नहीं पहनाया जा रहा।
हास्टल का करना था निरीक्षण
आयुक्त पंकज राय ने कहा कि 31 दिसंबर से पहले शहर में निमार्णाधीन पार्किंगों को शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह संजौली पार्किंग का निरीक्षण किया गया।
इंजनघर वार्ड में स्थित वर्किंग वूमेन हास्टल के पास पार्किंग को लेकर एक विवाद है। सोशल जस्टिस कमेटी की बैठक में यह मामला उठा था। इसके चलते ही वह हास्टल की ओर जा रहे थे लेकिन लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी।