डिजिटल पंजीकरण प्रणाली सुदृढ़ होगी
यह पहल मौजूदा डिजिटल पंजीकरण प्रणाली को और सुदृढ़ करने के साथ नागरिकों को पंजीकरण संबंधी सेवाओं की बेहतर सुविधा प्रदान करेगी। प्रदेश सरकार पहले ही दस्तावेज के कम्प्यूटरीकृत पंजीकरण के लिए राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (एनजीडीआर) को अपना चुकी है। इसके अतिरिक्त, नागरिकों को सुविधाजनक तरीके से पंजीकरण विलेख (एमएचएम) तैयार करने में सक्षम बनाने के लिए माई डीड सुविधा भी शुरू की गई है। प्रस्तावित आधुनिकीकरण इन डिजिटल पहलों को बेहतर आधारभूत ढांचे, नागरिक सुविधा और प्रौद्योगिकी आधारित प्रक्रियाओं के साथ जोड़कर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया को अधिक सरल और सुलभ बनाएगा। आधुनिकीकृत केंद्रों में अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, नागरिक सुविधा काउंटर, बेहतर कार्यस्थल, बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण सुविधाएं, दस्तावेज स्कैनर, डिजिटल कतार प्रबंधन प्रणाली, टोकन जनरेशन सुविधा, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
पंजीयक कार्यालयों का विस्तृत आकलन होगा
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे, ताकि पंजीकरण सेवाएं सभी के लिए सुलभ और समावेशी बन सकें। प्रत्येक कार्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का विकास सुनिश्चित करने के लिए राजस्व विभाग चिह्नित उप पंजीयक कार्यालयों का विस्तृत आकलन करेगा। इसके लिए जिला स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा, जिनमें एसडीएम, अधिशासी अभियंता, तहसीलदार और उपायुक्त द्वारा नामित एक आईटी विशेषज्ञ शामिल होंगे। ये समितियां मौजूदा आधारभूत ढांचे का मूल्यांकन करेंगी, निर्माण कार्यों एवं सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) से संबंधित आवश्यकताओं की पहचान करेंगी, प्रत्येक कार्यालय के लिए अलग-अलग लागत अनुमान तैयार करेंगी तथा बेहतर जनसेवा सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त भवन प्रारूप और कार्यप्रणाली की अनुशंसा करेंगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ये कहा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुशासन को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संपत्ति पंजीकरण एक महत्वपूर्ण जनसेवा है, जिसका संबंध नागरिकों के जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों से होता है। सरकार का विशेष ध्यान इस प्रक्रिया को सरल बनाने, व्यवस्थित करने और इसमें लगने वाले समय को कम करने पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीकरण सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर जनसुविधाओं, सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस पहल से संपत्ति पंजीकरण के दौरान लोगों को और अधिक सुविधा प्राप्त होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और अनावश्यक विलंब पर अंकुश लगेगा। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते चार वर्षों के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवाओं में और सुधार लाने तथा नागरिकों को अधिक सुविधा, पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी आवश्यक सुधारों और आधुनिक तकनीक को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।