आदर्श जेल कंडा शिमला से तीन विचाराधीन कैदियों के फरार होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जेल प्रशासन की शुरुआती जांच में बैरेक में बंद कुछ कैदियों से ऐसा खुलासा किया है जिससे पुलिस महकमे के होश उड़ गए है।
आदर्श कंडा जेल से नेपाली मूल के तीन विचाराधीन कैदी बैरक में बंद अन्य कैदियों को पेठा (मिठाई) खिलाकर फरार हुए हैं। जेल प्रशासन की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है।
फरार कैदियों ने अपने बैरेक में बंद कुछ कैदियों को पेठा खिलाया और उसमें कुछ नशीला पदार्थ मिलाने का अंदेशा जताया जा रहा है। जेल प्रशासन की जांच में 5 कैदियों ने माना है कि फरार होने वाले कैदियों ने मिठाई खिलाई थी जिसके बाद वह बेसुध हो गए।
सुबह देखा तो बैरेक से फरार कैदी
सुबह तक उन्हें पता भी नहीं चला कि कोई बैरेक से साथी कैदी भी फरार हो गए हैं। कैदियों की इस तरह की बात को जेल प्रशासन अपनी जांच रिपोर्ट में दर्ज करने जा रहा है लेकिन बैरेक में बंद सिर्फ 5 ही कैदी पेठा खिलाकर बेसुध होने की बात कर रहे हैं।
बैरेक में बंद 21 अन्य कैदी इस मामले में जेल प्रशासन द्वारा लगातार पूछताछ करने के बाद भी अपना मुंह नहीं खोल रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार आधी रात कैदियों ने पहले बैरेक की सलाखों में साबुन लगाया फिर सलाखें काटने के बाद कंबलों की रस्सी बनाकर दीवार से नीचे उतर कर फरार हो गए।
कंडा जेल की बैरेक में बंद 21 कैदी यही कह रहे हैं कि उन्हें फरार होने वाले कैदियों की भनक नहीं लगी। जेल प्रशासन इस तथ्य की पड़ताल कर रहा है कि ये कैदी कितना सच बोल रहे हैं। जेल प्रशासन जल्द ही इस मामले की जांच रिपोर्ट डीजी जेल को सौंप देगा।
सलाखों के अंदर ये मीठा नशीला पदार्थ कैसे पहुंचा
अगर यह बात सही है तो सवाल उठ रहा है कि आखिर सलाखों के अंदर ये मीठा नशीला पदार्थ कैसे पहुंचा? क्या किसी ने पेठे में नशीला पदार्थ मिला दिया। जेल में बंद कैदी तो अंदर ही नशीला पदार्थ तैयार नहीं कर सकते।
ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर नशीला पेठा खिलाने की बात सही साबित होती है तो ये नशीला पदार्थ जेल के अंदर कैसे पहुंचा। जेल प्रशासन भी अब इस तरह के सवाल उठने पर गंभीरता से जांच पड़ताल कर रहा है।
दिन भर चला सर्च अभियान, कुछ हाथ नहीं आया
कंडा जेल से फरार तीनों कैदियों की तलाश में पुलिस दिन भर खाक छानती रही। कैदियों की धर पकड़ के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। नेपाल बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ाई गई है और वहां भी पुलिस बराबर संपर्क बनाए हुए है। कैदियों का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। एसपी शिमला सौम्या सांबशिवन ने कहा कि फरार कैदियों की तलाश की जा रही है।