मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने विधानसभा सचिवालय पहुंचकर इस बाबत उच्च स्तरीय बैठक की। विधानसभा परिसर के पुस्तकालय कक्ष में जाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने विधानसभा सचिवालय पहुंचकर इस बाबत उच्च स्तरीय बैठक की। विधानसभा परिसर के पुस्तकालय कक्ष में जाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है। विधानसभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में शुक्रवार सुबह 11:00 बजे मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राष्ट्रपति चुनाव से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की गई। विधानसभा सचिवालय में स्थापित किए जा रहे मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।
विज्ञापन
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र की सुरक्षा तथा साज सजावट के भी उचित दिशा-निर्देश दिए। बैठक में हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, जिलाधीश जिला शिमला आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक मोनिका भटूंगरु, निदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग हरबंस ब्रेस्कॉन, अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दलीप नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, उप सचिव विधानसभा संजीव गुप्ता, उपनिदेशक लोक संपर्क एवं प्रोटोकाल विधानसभा हरदयाल भारद्वाज, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरबंस धीमान, जिला कोषाधिकारी जगदीश शर्मा भी मौजूद रहे।