राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का हमीरपुर का दौरा स्थगित हो गया है। 17 दिसंबर को होने वाले नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति नहीं आएंगे। स्वास्थ्य लाभ लेने के चलते राष्ट्रपति का दौरा स्थगित हुआ है। इससे पहले एनआईटी ने अपने प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति को बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित किया था।
संस्थान ने अपने 580 भावी इंजीनियरों को राष्ट्रपति के हाथों डिग्रियां देने का कार्यक्रम तैयार किया था, लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय से जारी सूचना के बाद यह तय है कि 17 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शिरकत नहीं करेंगे। ऐसे में एनआईटी की राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर तैयारियां अधर में लटक गई हैं। बताया जा रहा है कि एनआईटी की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की दिल्ली में मीटिंग है।
चेयरमैन की अध्यक्षता में होने वाली मीटिंग में दीक्षांत समारोह को लेकर कोई फैसला हो पाएगा। किसी राष्ट्रपति का एनआईटी के दीक्षांत समारोह में यह पहला और ऐतिहासिक दौरा माना जा रहा था। उधर, जिलाधीश हमीरपुर रोहन चंद ठाकुर ने राष्ट्रपति का दौरा स्थगित होने की पुष्टि की है। कहा कि उन्हें एक लेटर मिला है, जिसमें राष्ट्रपति का दौरा स्थगित होने की बात है।
कहा कि सभी पुलिस अधिकारियों को वापस अपने-अपने कार्यालयों में लौटने के निर्देश दिए हैं। उधर, एनआईटी के डायरेक्टर रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि वह मीटिंग में व्यस्त हैं। दीक्षांत समारोह को लेकर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग में ही फैसला होगा।
समारोह के इंतजाम हो चुके हैं पूरे
एनआईटी ने दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसमें सम्मानित होने वाले भावी इंजीनियरों को निमंत्रण पत्र भेजे जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि बंगलूरू, पुणे, महाराष्ट्र, मुंबई, दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों में सेवाएं दे रहे कुछेक इंजीनियर समारोह के लिए अपने परिवार समेत रवाना भी हो चुके हैं। इसके अलावा हिमाचल जीएडी डिपार्टमेंट से 46 कारों का काफिला भी पहुंच चुका है।
पुलिस विभाग की विभिन्न बटालियनों से करीब 500 से अधिक जवान हमीरपुर पहुंचे हैं। एनआईटी ने भवन के रंग-रोगन से लेकर ऑडिटोरियम को सजाने के लिए टेंट हाउस एजेंसियों, खान-पान की व्यवस्था से लेकर समारोह को सफल बनाने वालों को भुगतान भी कर दिया है। उधर, जिला प्रशासन ने भी सर्किट हाउस, बिजली बोर्ड, लोनिवि समेत सुजानपुर, भोटा, बड़सर और नादौन समेत अन्य गेस्ट हाउस की बुकिंग कर दी है। अब कार्यक्रम को रद्द करना एनआईटी के लिए मुश्किल हो रहा है।
राज्यपाल हो सकती हैं चीफ गेस्ट
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का दौरा स्थगित होने के बाद एनआईटी प्रशासन में दीक्षांत समारोह को लेकर संशय है। समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और राज्यपाल उर्मिला सिंह को विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। ऐसे में एनआईटी प्रशासन राष्ट्रपति की जगह अब राज्यपाल को बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित कर सकता है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का दौरा स्थगित होने के संबंध में लिखित सूचना मिली है। सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों और ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
- रोहन चंद ठाकुर, उपायुक्त हमीरपुर