पठानकोट-मंडी फोरलेन परियोजना पर राष्ट्रपति कार्यालय ने प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। फोरलेन लोकबॉडी नूरपुर के प्रमुख राजेश पठानिया ने कहा कि प्रस्तावित फोरलेन परियोजना के निर्माण से जुड़ी अपनी मांगों व समस्याओं पर पिछले अक्तूबर और नवंबर में 17 दिन तक आमरण अनशन किया था, जिसके चलते प्रदेश सरकार ने उनकी कुछ मांगें मान ली थीं, जबकि आमरण अनशन के दौरान उन्होंने देश के माननीय राष्ट्रपति को अपनी समस्याओं के बारे में लिखा और फोन पर उनके कार्यालय में बात की थी।
इस बाबत उन्हें अब प्रदेश सरकार स्पेशल सेक्रेटरी (पीडब्ल्यूडी) की एक प्रतिलिपि प्राप्त हुई है। इसमें बताया गया है कि सरकार को राष्ट्रपति कार्यालय से पत्र प्राप्त हुआ है। जिसमें एप्लीकेंट की समस्याओं के बारे में निरीक्षण करने व उचित कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों पर पुन: विचार कर बताए कि फोरलेन बनना है या नहीं, क्योंकि फोरलेन प्रभावित असमंजस की स्थिति में हैं।