इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वायुसेना के शहीद गरुड़ कमांडो जेपी निराला (मरणोपरांत) को शांतिकाल के सबसे बड़े वीरता सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के अलावा, बीते 19 जनवरी को भी राष्ट्रपति भवन में गणतंत्र दिवस के लिए डाइनेमिक लाइटिंग के उद्घाटन के समय भी राष्ट्रपति ने हिमाचली टोपी को सिर पर सजाया था।
कुछ माह पहले कुल्लू के भुट्टिको के कारीगर और प्रबंधकों ने राष्ट्रपति भवन जाकर रामनाथ कोविंद को कुल्लवी टोपी भेंट की थी लेकिन कुल्लू से बनाकर लाई गई यह टोपी उनके साइज में फिट नहीं बैठी।
सांसद अनुराग ठाकुर ने 69 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हिमाचली टोपी पहन कर तिरंगे की सलामी लेने पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे पूरे हिमाचल के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इजरायल दौरे पर हिमाचली टोपी पहन कर हिमाचल का मान अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया था, उसी तरह महामहिम रामनाथ कोविंद ने 69वें गणतंत्र दिवस पर हिमाचली टोपी में तिरंगे को सलामी देकर पूरे हिमाचल को गौरवान्वित किया है।