राष्ट्रपति पद के लिए यूपीए गठबंधन की उम्मीदवार मीरा कुमार सोमवार को शिमला पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों से मुलाकात कर कहा कि आज देश में ऐसी पार्टी शासन कर रही है, जो दूसरों को और उनके धर्म को बर्दाश्त तक नहीं कर सकती।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार के चुनाव में पार्टी लाइन से ऊपर उठकर वोट करेंगे। साथ ही उन्होंने सभी दलों के विधायकों सांसदों से आत्मा की आवाज सुनकर वोट देने की अपील की। राष्ट्रपति पद के लिए यूपीए की ओर से नाम घोषित होने के बाद मीरा कुमार पहली बार हिमाचल पहुंचीं।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव अद्भुत है। हर बार चुनाव दो लोगों के बीच होता था लेकिन इस बार दो विचारधाराओं के बीच है। उन्होंने कहा कि देश के 17 दलों ने उन्हें इस चुनाव के केंद्र में रखा है। उन्होंने कहा कि आज इस बहुधर्मी देश का माहौल बदल चुका है।
दबे कुचले लोगों की आवाज दब रही है। देश में आज कोई घटना घटती है तो उसे और उकसाया जाता है। ऐसे में दबे कुचले लोग आज उनकी ओर देख रहे हैं, जिसके चलते यह चुनाव ऐतिहासिक हो गया है। कहा कि ऐसा पहले भी हुआ है जब संजीव रेड्डी और वीवी गिरी में इस पद के लिए चुनाव हुआ था और उस वक्त भी अंतर आत्मा की आवाज पर वीवी गिरी जीते थे।
वीरभद्र बोले, मीरा ही योग्य उम्मीदवार
सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि मीरा कुमार राष्ट्रपति पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। सीएम ने कहा कि मीरा कुमार स्वतंत्रता सेनानी परिवार से हैं, आईएफएस रही हैं और इस उच्च पद के लिए सबसे योग्य हैं।
सीएम ने कहा कि इनमें काबिलियत है और इसलिए यूपीए ने इन्हें उम्मीदवार बनाया। उन्होंने मीरा कुमार से कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल पूरी तरह से चट्टान की तरह उनके साथ खड़ा है।