केंद्रीय राज्यमंत्री मनसुख मांडवीया ने जसूर में कहा कि शरणार्थी और घुसपैठिये में अंतर होता है। अवैध रूप से देश में आए घुसपैठिये हमारे नागरिकों को मिलने वाले अधिकार और सुविधाओं को निगल रहे है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के कार्यकाल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के 950 मुस्लिम शरणार्थियों को नागरिकता दी गई है। नागरिकता संशोधन कानून भारत की प्राचीन शरणागत रक्षा का वाहक है। कांग्रेस और विपक्षी दल भ्रामक प्रचार कर देश के सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का खेल खेल रहे हैं।
भाजपा की ओर से विपक्षी दलों के इस कुप्रचार के खिलाफ जन जागरण अभियान शुरू किया गया है। इसमें लोगों को घर-घर जाकर इस बिल के बारे में लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। पिछले कार्यकाल और वर्तमान में देश में यूरिया के दामों में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जैविक खेती के विशाल अवसर और इसको बढ़ावा दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार, केसीसी बैंक के चेयरमैन डॉ. राजीव भारद्वाज, अश्विनी चौधरी, साहिल सिंह मौजूद रहे।