हिमाचल प्रदेश का दूसरा राज्य विश्वविद्यालय मंडी में स्थापित करने का विधेयक मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा। धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीत सत्र में ड्राफ्ट पेश करने की सरकार से मंजूरी लेना जरूरी है। शिक्षा विभाग और विधि विभाग के अधिकारियों ने विधेयक को अंतिम रूप दे दिया है। प्रदेश के पांच से छह जिलों के कॉलेजों की इस नए राज्य विश्वविद्यालय से संबद्धता होगी।
बीते दिनों हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्य सचिव रामसुभग सिंह की अध्यक्षता में राज्य विश्वविद्यालय की रूपरेखा तैयार करने के लिए कमेटी का गठन करने को मंजूरी दी गई है। शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध सरकारी और निजी कॉलेजों की संख्या 400 से अधिक हो गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी में अब क्लस्टर विश्वविद्यालय को अपग्रेड कर राज्य विश्वविद्यालय बनाने का फैसला लिया गया है।