शहर में प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित करने के लिए दस जगहों का किया गया निरीक्षण
क्रॉसर
एसडीएम शहरी की अगुवाई में हुआ निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लंबे इंतजार के बाद राजधानी शिमला में प्री पेड टैक्सी बूथ स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। एसडीएम शिमला शहरी मंजीत शर्मा की अगुवाई में वीरवार को आरटीओ, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस के अधिकारियों की कमेटी ने प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित करने के लिए दस जगहों का निरीक्षण किया।
ऑल हिमाचल कामर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर भी इस दौरान मौजूद रहे। बीते करीब तीन सालों से शहर में प्री पेड टैक्सी बूथ स्थापित करने की योजना लटकी हुई है। डीसी शिमला आदित्य नेगी के हस्तक्षेप के बाद योजना ने रफ्तार पकड़ी है।
पहले चरण में शहर में 10 प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित होंगे। हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे और बूथ के बाहर रेट लिस्ट लगेगी। लोकल रूटों के अलावा शिमला से कुफरी और एयरपोर्ट तक प्री पेड टैक्सी सेवा की सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटकों को ही नहीं बल्कि स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा। राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बीते 3 सालों से शहर में प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित करने की योजना लटकी हुई थी। 22 अक्तूबर को उपायुक्त शिमला को इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए ज्ञापन सौंपा था। 11 नवंबर को डीसी ने इस मुद्दे पर बैठक बुलाई और संबधित अधिकारियों को तुरंत कार्यवाई के आदेश दिए। वीरवार को एसडीएम शिमला शहरी की अगुवाई में 10 प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित करने के लिए निरीक्षण किया है। इस मौके पर ऑल कामर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सचिव संदीप कंवर, अजय सलवानी, कानूनी सलाहकार नरेश ठाकुर और चमनलाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
डीसी को सौंपी जाएगी रिपोर्ट : मंजीत
एसडीएम शिमला शहरी मंजीत शर्मा ने बताया कि डीसी शिमला के आदेशों पर गठित कमेटी ने वीरवार को शहर में प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित करने के लिए 10 स्थानों का निरीक्षण किया है। यह स्थान बूथ स्थापित करने के लिए उपयुक्त पाए गए हैं। इसे लेकर रिपोर्ट उपायुक्त शिमला को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगामी प्रक्रिया शुरू होगी।
इन स्थानों पर स्थापित हो सकते हैं बूथ
1 रेलवे स्टेशन
2 ओल्ड बस स्टैंड
3 आईएसबीटी टूटीकंडी
4 लिफ्ट
5 ऑकलैंड टनल
6 बीसीएस
7 खलीनी
8 छोटा शिमला
9 लक्कड़ बाजार
10 टुटीकंडी क्रासिंग