हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के नाम पर कांग्रेस सरकार पर पलटवार किया है। बुधवार को पार्टी कार्यालय हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत में धूमल ने मुख्यमंत्री कई चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे।
उन्होंने वीरभद्र सिंह द्वारा 28 जनवरी 2013 को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री को लिखे गए पत्र का जिक्र करते हुए 50 दिन के भीतर देहरा और धर्मशाला में स्थापित होने वाले सीयू के दो कैंपस का नींव पत्थर रखने का खुलासा किया। हालांकि, धूमल की ओर से जो पत्र जारी किया गया है, उसमें मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर नहीं हैं।
धूमल ने कहा कि तत्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन और तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री पल्लम राजू को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शीघ्र स्वीकृति के लिए पत्र लिखा था। धूमल ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने पत्र में कहा कि देहरा में 380.51 हेक्टेयर और धर्मशाला में 62.54 हेक्टेयर वन भूमि को सीयू के नाम बदला जाना है।