प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर प्रदेश में हो रहे आजादी के 75वें महोत्सव के आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की है। विधानसभा चुनाव नजदीक होने और सरकारी कार्यक्रमों को चुनावी रैली में तबदील करने का हवाला देते हुए कांग्रेस ने चुनाव आयोग से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आजादी महोत्सव की बात करने की जगह भाजपा का प्रचार अधिक कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने हिमाचल में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को देखते हुए आजादी के 75वें अमृत महोत्सव कार्यक्रमों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
पवन काजल, लखविंद्र राणा के बाद अब कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसा है। आप ने कहा कि विधानसभा चुनाव के चलते हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस अब एक होने जा रही हैं। दोनों पार्टियों के नेता इधर-उधर जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेता कंडीशन में इधर से उधर जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी में कंडीशन वाली व्यवस्था नहीं है।
साफ छवि के लोगों को ही पार्टी में शामिल किया जाता है। भाजपा और कांग्रेस के साफ छवि के नेता आप के संपर्क में हैं। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद कई नेता आम आदमी पार्टी का दामन थामने वाले हैं। कई नेताओं की दिल्ली में पार्टी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो चुकी है। कहा कि आम आदमी पार्टी ने हिमाचल में डोर टू डोर प्रचार शुरू कर दिया है। केजरीवाल की गारंटियों के बारे में जनता को अवगत कराया जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस, पार्टी में टिकटों को लेकर मंथन चल रहा है।