हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं से पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्यों को दूर करने व सरकार में उनके कार्य करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसा नहीं लगाना चाहिए कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा है कि जल्द ही जिला व ब्लॉक कार्यकारणी का गठन होगा। संगठन में जिसे जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उस पर उन्हें खरा उतरना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना सहन नहीं होगी। संगठन में उन कर्मठ कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी जो पार्टी के कार्यक्रमों को अपना समय दे सकें। मंडी जिले के दौरे के तीसरे दिन सुंदरनगर, धर्मपुर, नाचन, करसोग व सरकाघाट के पार्टी कार्यकर्ताओं के की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस बार संगठन में युवाओं की सेकंड लाइन भी तैयार की जाएगी, जिससे उन्हें भी पार्टी के कार्यों का पूरा अनुभव मिल सकें। उन्होंने कहा कि पीसीसी से लेकर जिला व ब्लॉक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कर्मठ कार्यकर्ताओ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी, जो पूरी ईमानदारी से पार्टी के कार्यक्रमों को अपना समय देते हैं।