कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षा पर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष तौर पर फोकस किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर हो सके। सांसद प्रतिभा सिंह ने सरदार पटेल विवि के प्रथम स्थापना दिवस पर कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय में शोध कार्य में नवाचार की ओर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे विश्वविद्यालय को नई पहचान मिलेगी। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों में किसी प्रकार की राजनीति करना ठीक नहीं है, वहां केवल शिक्षा की बात होनी चाहिए।
उन्होंने विवि के प्रथम स्थापना दिवस पर विवि के शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के एक वर्ष के दौरान शानदार काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने में बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में स्कूल खोले हैं, ताकि लड़कियों को भी उनके घर के नजदीक शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिले। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक साल के थोडे़ से समय में ही इस विवि ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। विद्यार्थी जो सपने लेकर यहां आते हैं यह विवि उनके सपनों को जरूर पूरा करेगा। इस मौके पर विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
विवि में अब तक 34,342 छात्र पंजीकृत : कुलपति
विवि में इस समय मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और लाहौल और स्पीति जिलों के मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों के 34,342 छात्र पंजीकृत हैं। विवि के कुलपति आचार्य देव दत्त शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा एक वर्ष के अंदर अर्जित उपलब्धियों के बारे में बताया। कुलपति डॉ. अनुपमा सिंह ने बताया कि विवि के सभी विभागों में पीएचडी पाठ्यक्रम शुरू कर दिए हैं। विवि में पीजी पाठ्यक्रम के लिए 305 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इस अवधि के दौरान तीन पेटेंट प्रकाशित हो चुके हैं, जबकि पांच पेटेंट फैकल्टी सदस्यों की ओर से दाखिल किए जा चुके हैं।