आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता एवं अधिवक्ता प्रशांत भूषण अभी पार्टी से इस्तीफा नहीं देंगे। प्रशांत भूषण 14 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की प्रस्तावित बैठक के बाद ही अगला कदम उठाएंगे। इससे पहले न तो वह पार्टी के बारे में कोई विचार रखेंगे और न ही किसी के बारे में कोई प्रतिक्रिया देंगे।
पालमपुर के कंडवाड़ी स्थित संभावना ट्रस्ट में परिवार सहित पहुंचे प्रशांत भूषण ने कहा कि दिल्ली में 14 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक के बाद ही अब वह कोई भी फैसला लेंगे। पांच दिन पूर्व पालमपुर के कंडवाड़ी गांव स्थित ट्रस्ट संभावना में गुपचुप दौरे पर पहुंचे प्रशांत भूषण रविवार बाद दोपहर पत्नी दीपा को कंडवाड़ी में छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए।
कंडवाड़ी में प्रशांत भूषण का कुमुद एजुकेशन सोसायटी के नाम से संभावना और उड़ान नाम से ट्रस्ट चलाया जा रहा है। वर्तमान में प्रशांत भूषण का बेटा अधिवक्ता सुमन कंडवाड़ी में ही रह रहा है। कंडवाड़ी में ही केजरीवाल और प्रशांत भूषण के साथ मिलकर आप के अन्य नेताओं ने राजनीतिक पार्टी का गठन करने का निर्णय लिया था।
आप के गठन से पूर्व केजरीवाल की अध्यक्षता में कंडवाड़ी में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला में देश के दो दर्जन से अधिक लोगों ने पंचायती राज को सुदृढ़ करने के लिए ग्राम सभाओं के आयोजन और उनमें लोगों की अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति पर मंथन किया था।
कुमुद भूषण सोसायटी के प्रवक्ता हिमांशु कुमार ने कहा की प्रशांत भूषण कंडवाड़ी में परिवार सहित निजी दौरे पर आए हैं। वह अपनी बात 14 अप्रैल की बैठक के बाद ही रखेंगे।