लेबर रूम में प्रसव से पहले गर्भवती महिला के साथ मारपीट की गई। बाद में इसका प्रसव तो करवाया गया मगर नवजात की तुरंत बाद मौत हो गई। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के जिला बिलासपुर का है।
यहां जिला अस्पताल में एक दाई ने डॉक्टर को बुलाने की बजाय अपने ही स्तर पर महिला का प्रसव करवा दिया। मगर इसके बाद नवजात की मौत हो गई। आरोप है कि दाई ने प्रसव के दौरान महिला से मारपीट भी की।
पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने जांच बिठा दी है। परिजनों ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को भी दी है। महिला के पति ने बच्चे की मौत के लिए दाई और मौके पर न पहुंचे चिकित्सकों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पूरे मामले की सदर विधायक बंबर ठाकुर से मिलकर भी शिकायत की है और न्याय की गुहार लगाई है।
सेना में तैनात है महिला का पति, बताई पूरी कहानी
महिला के पति बलविंद्र कुमार ने बताया कि वह भारतीय सेना में श्रीनगर में तैनात है। उसकी पत्नी पूनम को 20 अगस्त को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 21 अगस्त को उसकी तबीयत खराब हो गई।
रात को अस्पताल में मरीज को देखने वाली एक दाई के अलावा कोई भी मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि पूनम के साथ आई आशा वर्कर और परिजनों ने प्रसव पीड़ा की सूचना अस्पताल में मौजूद दाई को दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पूर्व दाई ने पूनम से गाली गलौज की। इसके बाद उसे प्रसव रूप में ले गई। मगर इस दौरान कोई भी चिकित्सक वहां मौजूद नहीं था। वहीं दाई ने प्रसव रूम में भी पूनम की पिटाई करने के साथ गाली गलौज भी की। दाई ने इसके बाद डिलीवरी करवाई।
जन्म के पांच मिनट बाद ही नवजात ने तोड़ा दम
मगर नवजात ने पांच मिनट बाद भी दम तोड़ दिया। इसके बाद महिला को अगले दिन छुट्टी कर दी गई। कोई साथ न होने के कारण महिला पहले इस मामले की कोई शिकायत कर पाई। सूचना मिलते ही पूनम का पति बलविंद्र कुमार निवासी भराथू डाकघर बिनौला घर पहुंचा और पूरे मामले को लेकर पहले सदर विधायक बंबर ठाकुर और इसके बाद पुलिस और अस्पताल प्रबंधन को भी लिखित शिकायत की गई।
एमएस डॉ. राजेश अहलूवालिया ने बताया कि उन्हें सीएमओ के माध्यम इस बारे में जानकारी मिली है। इस संबंध में जांच के लिए आदेश दे दिए गए हैं। कल सुबह तक इस मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।
इस बारे में पीड़ित परिवार शिकायत लेकर आया था। पूरा मामला सुनने के बाद सीएमओ को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।-
बंबर ठाकुर, सदर विधायक
इस संबंध में शिकायत मिली है। मामले की छानबीन के लिए शिकायत सीटी पुलिस को भेजी गई है।-सीता राम संधू, थाना प्रभारी बिलासपुर सदर