हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की 10वीं और 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाएं अप्रैल में करवाएगा। यह परीक्षाएं तीन से छह अप्रैल तक सुबह और शाम के सत्र में होंगी। इन परीक्षाओं का संचालन एसओएस अध्ययन केंद्रों के प्रमुखों को आंतरिक रूप से करवाना होगा। जानकारी के अनुसार ऐसे पूर्व परीक्षार्थी जो लिखित परीक्षा के साथ ही प्रैक्टिकल परीक्षा में भी फेल हैं और ऐसे परीक्षार्थी जो पहली बार एसओएस के जरिये मैट्रिक और जमा दो की परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए हैं, उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षाएं देना भी अनिवार्य होगा।
इसके चलते राज्य मुक्त विद्यालय मैट्रिक और जमा दो कोर्स के परीक्षार्थियों की प्रैक्टिकल परीक्षा के संचालन के संदर्भ में बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय अध्ययन केंद्र के समस्त प्रधानाचार्य और समन्वयक को निर्देश जारी किए हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि मैट्रिक व जमा दो कक्षाओं के परीक्षार्थियों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं अप्रैल में होंगी। उन्होंने बताया कि एसओएस अध्ययन केंद्र के विद्यालय प्रमुख की देखरेख में संबंधित विषय के प्रवक्ता व अध्यापक प्रश्न पत्र तैयार कर आंतरिक रूप से परीक्षाओं का संचालन करवाएंगे। इसके बाद प्राप्त अंकों का प्रेषण नियमित परीक्षार्थियों की तर्ज पर ही ऑनलाइन किया जाएगा।
इस दिन होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं 10वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं में तीन अप्रैल को साइंस और चार अप्रैल को होम साइंस, कंप्यूटर साइंस और आर्ट-बी की प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। वहीं जमा दो की परीक्षाओं में पहली अप्रैल को फिजिक्स, तीन को केमेस्ट्री, चार को बायोलॉजी विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा होंगी। वहीं पांच को कंप्यूटर साइंस और छह को जियोग्राफी विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। इसके अलावा एक अप्रैल और तीन से छह अप्रैल तक फिजिकल एजुकेशन और अकाउंटेंसी प्रोजेक्ट की प्रैक्टिकल परीक्षाएं होंगी।