प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ेगा। दिसंबर 2014 से 265 मेगावाट बिजली का और उत्पादन होगा। राज्य बिजली बोर्ड की एक और पावर कारपोरेशन लिमिटेड की दो परियोजना को कमीशन करने की तैयारी की जा रही है।
इसके साथ ही प्रदेश अपने स्तर पर 742 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू करेगा। इसमें सेंट्रल पूल के शेयर शामिल नहीं हैं। दरअसल, हिमाचल में 112 छोटी और बड़ी परियोजनाओं से 8431.47 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाता है।
इसमें राज्य बिजली बोर्ड की ओर की 22 छोटी-बड़ी परियोजनाओं से 477 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाता है। प्रदेश पावर कारपोरेशन की ओर से आज तक एक भी परियोजना से उत्पादन शुरू नहीं हो पाया है।
प्रदेश सरकार ने कारपोरेशन की कुल्लू स्थित 100 मेगावाट की सैंज और किन्नौर स्थित 65 मेगावाट की कासन परियोजना को दिसंबर तक शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार बिजली बोर्ड की 100 मेगावाट की एक परियोजना पूरी होने वाली है, इसे दिसंबर तक कमीशन करने की तैयारी है।
एक नजर में
- 112 परियोजनाओं से 8431.47 मेगावाट बिजली का उत्पादन (इसमें सरकार, प्राइवेट शामिल)
- राज्य बिजली बोर्ड 477 मेगावाट बिजली का उत्पादन करता है
- तीन परियोजनाओं के कमीशन से क्षमता बढ़कर 742 मेगावाट
- 86 परियोजनाएं निर्माणाधीन, 4446.10 मेगावाट का उत्पादन (इसमें सरकार, प्राइवेट शामिल)