मुख्यमंत्री के गृह जिले की अहम सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। कुछ ही मीटर का सफर करने के बाद वाहन दलदल में धंस जाते हैं।
- फोटो : अमर उजाला
खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत पर करोड़ों खर्च करने का दावा करने वाली सरकार और विभाग की पोल खोलती तस्वीर आपको दिखाते हैं। राजनीति की शिकार हुई ठियोग-हाटकोटी सड़क दलदल, गड्ढों और तालाब बन चुकी है। मुख्यमंत्री के गृह जिले की अहम सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। कुछ ही मीटर का सफर करने के बाद वाहन दलदल में धंस जाते हैं।
इसके बाद शुरू हो जाता है वाहनों को धक्का देने का सिलसिला। जुब्बल से कोटखाई तक सड़क दलदल तथा गड्ढों में तबदील हो चुकी है। इससे बसें तथा अन्य वाहन मार्ग पर जगह-जगह फंस रहे हैं। कंपनी की मशीनों से भी दलदल में फंसे वाहनों को खींच खींच कर बाहर निकाला जा रहा है। लोग जान जोखिम में डालकर इस सड़क पर सफर करने को मजबूर हैं।
दलदल में छोटे, बड़े सभी वाहन फंस रहे हैं। कई स्थानों से तो सवारियों को भी पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। बारिश से सड़क दलदल में बदल जाती है। धूप खिलने पर धूल के गुब्बार उड़ने लगते हैं। सबसे अधिक दिक्कतों का सामना बसों में सफर करने वाले लोगों को करना पड़ रहा है।
सड़क को चौड़ा करने का काम जारी : जसवाल
स्टेट रोड प्रोजेक्ट के अधिशासी अभियंता आरएस जसवाल ने बताया कि सड़क को चौड़ा करने का कार्य प्रगति पर है। ऐसे में कई स्थानों पर सड़क पर कीचड़ भर गया है। इससे परेशानियां पेश आई हैं। कंपनी की मशीनें सड़क निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं। शीघ्र ही सड़क को ठीक कर दिया जाएगा।