हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सब्जी मंडियों ने अनार के दामों ने लंबी छलांग लगाई है। शुरूआत में 40 से 50 रुपये किलो बिकने वाले अनार के दाम अब 75 रुपये किलो पहुंच गए हैं। इससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बुधवार को बंदरोल सब्जी मंडी में अनार की 75 रुपये किलो तक बोली लगी है। पिछले डेढ़ दशक में जिले में अनार से किसानों की आर्थिकी मजबूत हुई है। जिले के बजौरा, हुरला, कलैहली, थरास, गड़सा, रूआडू और खराहल के निचले क्षेत्रों में अनार को सफलतापूर्वक उगाया जा रहा है और बागवानों को उत्साहवर्धक नतीजे भी मिल रहे है।
कुल्लू में 1,000 हेक्टेयर भूमि पर अनार की खेती हो रही है। घाटी के अनार उत्पादक अर्जन महंत, सुनू राम, अशोक, ज्ञान ठाकुर, दुनी चंद और चमन लाल ने कहा कि इस साल सूखे की वजह फसल को नुकसान हुआ है। जिले के कई क्षेत्रों में अनार फल फटने से बागवानों का खासा नुकसान झेलना पड़ा है। उम्दा दाम मिलने से इसकी भरपाई होने की उम्मीद है। कुल्लू स्थित बागवानी विभाग के उपनिदेशक बीएम चौहान बताते है कि बागवानों को अनार की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभाग प्रयासरत है। इस बार शुरूआती दौर में सूखे के कारण फल फट भी गए हैं। इससे बागवानों को नुकसान हुआ है।
इन किस्मों की हो रही पैदावार
कुल्लू में विभिन्न वैरायटी का अनार पैदा हो रहा है। जिले में कंधारी, काबुली, गणेश, सिंधूरी, कंधारी और मृदुला सीडल्स किस्में उगाई जा रही है। अनार में फाइबर, विटामिन सी, आयरन, पोटेशियम और जिंक पाया जाता है। अनार सेहत के लिए फायदेमंद होता है। पेट की समस्याओं को दूर करता है तथा कॉलेस्ट्रोल को भी कम करता है।