दीपक शर्मा ने कहा कि सुखराम परिवार दलबदल की राजनीति करता है और ऐसे नेताओं को अब कांग्रेस पार्टी में कोई टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि सदर में अब ‘विरासत तय नहीं करेगी सियासत के फैसले, उड़ान तय करेगी कि आकाश किसका है’। यदि सदर में परिवार विशेष को ही तरजीह दी जाती रही तो यहां पर भी रामस्वरूप शर्मा की तरह कोई भाग्यशाली मौका मार जाएगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर सदर से उन्हें या चंपा ठाकुर को टिकट मिलता है तो ही कांग्रेस पार्टी इस सीट को जीत पाएगी।
राजनीति में रुचि नहीं तो इस्तीफा क्यों नहीं देते अनिल
चंपा ठाकुर ने भी अनिल और आश्रय शर्मा पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में इस परिवार ने इनसे समर्थन मांगकर विधानसभा में समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन आज यह विधानसभा पर ही अपने परिवार को आगे करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा ने कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि राजनीति में उनकी कोई रुचि नहीं है। यदि ऐसा है तो फिर इस्तीफा क्यों नहीं देते। उन्होंने भाजपा की जनसभा में हुए अनिल शर्मा के अपमान पर तंज किया कि अगर अपमान हुआ था तो उसका जवाब देने का दम भी होना चाहिए था।