शिमला। राजधानी शिमला में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए शिमला पुलिस अब शहर के युवाओं का सहयोग लेगी। पर्यटन सीजन में पुलिस शिमला ट्रैफिक वालंटियरों की तैनात करने जा रही है। इसके लिए पुलिस ने युवाओं से आवेदन मांगें हैं।
पुलिस के मुताबिक ट्रैफिक वालंटियर बनने के लिए न्यूनतम 18 वर्ष आयु और जमा दो तक शिक्षा होना अनिवार्य है। युवा शारीरिक और बौद्घिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। रोजाना तीन घंटे लगातार खड़े होकर ट्रैफिक ड्यूटी देनी होगी। लगातार एक महीने सेवाएं देने पर वालंटियर को 100 रुपये रोजाना के आधार पर मानदेय और अनुभव प्रमाण पत्र मिलेगा। इच्छुक युवा एसपी आफिस या ट्रैफिक कंट्रोल रूम से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। डीएसपी मुख्यालय कमल किशोर वर्मा ने बताया कि 25 मई तक आवेदन पत्र भरकर एसपी ऑफिस या ट्रैफिक कंट्रोल रूम में जमा करना होगा। जून महीने से इन वालंटियरों की तैनाती शहर के मुख्य चौराहों पर की जाएगी।
गौरतलब है कि शिमला पुलिस अप्रैल महीने में भी 20 ट्रैफिक वालंटियरों की तैनाती कर चुकी है। ऐसे में अब पर्यटन शिमला टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर एसोसिएशन के आग्रह पर 20 वालंटियर और तैनात किए जाने हैं। पुलिस ने ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बीते माह सुझाव आमंत्रित किए थे। अब पुलिस जन सहभागिता से इस समस्या का समाधान निकालने जा रही है, जिससे आम जनता और पर्यटकों को राहत मिल सके।