भारी मात्रा में बरामद हुई नकदी
- फोटो : अमर उजाला
सिरमौर पुलिस ने एक घर में दबिश देकर मौके पर 59,10,100 रुपये की नकदी बरामद की हैं। पुलिस की कार्रवाई से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर घर से बरामद हुई इतनी बड़ी मात्रा में नकदी से आसपास के क्षेत्र में भी चर्चाओं का माहौल है। बता दें कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत चल रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह नकदी नशे के कारोबार से अर्जित की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि पांवटा साहिब पुलिस टीम ने नशीले पदार्थों की जांच के लिए पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 10 में संजय कुमार व उसकी पत्नी पूनम के घर की तालाशी ली। इस दौरान घर के बेडरूम में रखी एक अलमारी से 59,10,100 रुपये की नकदी बरामद हुई।पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस ने उक्त नगदी को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी संजय कुमार के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले अदालत में विचाराधीन है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से उक्त दोनों मामलों में स्मैक बरामद हुई थी। पहला मामला 15 अगस्त 2017 का है, जब पुलिस टीम ने आरोपी संजय उर्फ संजू के कब्जा से 16.98 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की थी। इसके अलावा दूसरे मामले में 06 फरवरी 2020 को आरोपी संजय उर्फ संजू के कब्जा से 2.40 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई थी। बता दें कि जिले में पुलिस अवैध नशे की कमर तोड़ने को लेकर लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय नाहन में हाल ही में पुलिस ने एक घर से अलग-अलग तरह के अवैध नशे की खेप के साथ 24.40 लाख रुपये की नगदी बरामद की थी। अब पुलिस द्वारा पांवटा साहिब में बरामद की गई बड़ी नकदी से इस दिशा में आगे बढ़ रहे आरोपियों के हौसले पस्त होंगे।