पुलिस ग्राउंड भराड़ी में 21 नवंबर से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया, तीन दिसंबर तक चलेगी
क्रॉसर
डेढ़ साल बाद होने जा रही सिपाही पद की भर्ती
मोबाइल पर आए लिंक पर मिलेगा एडमिट कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 158 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा पुलिस ग्राउंड भराड़ी में 21 नवंबर से शुरू होगी। जिले मेें आवेदन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पुलिस विभाग की ओर से संभावित शेड्यूल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शारीरिक दक्षता परीक्षा 3 दिसंबर तक चलेगी।
जिला शिमला में महिला, पुरुष और चालक भर्ती के लिए 158 पदों के लिए 15 हजार 155 आवेदन आए हैं। इसमें पुरुष के 110 पदों लिए नौ हजार 766, महिला के 37 पदों लिए 5 हजार 112 आवेदन और चालक भर्ती के 11 पदों के लिए 277 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। सिपाही भर्ती के लिए एमकॉम, होटल मैनेजमेंट, बीएसई, एमटीए से लेकर बीए तक के युवाओं ने आवेदन किए हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी रजिस्टर मोबाइल नंबर पर भेजे मेसेज के लिंक पर जाकर एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
21 नवंबर से पहले सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर मोबाइल नंबर पर पुलिस महकमे की ओर से मेसेज भेजे जाएंगे। इसमें एक लिंक होगा। लिंक पर जाकर (ओपन कर) अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें सिपाही भर्ती संबधित सभी जानकारियों अभ्यर्थी को मिलेगी।
अभ्यर्थियों को मैदान में मिलेगी रिफ्रेशमेंट सुविधा
कोरोना महामारी में पहली बार डेढ़ साल बाद पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। पुलिस ग्राउंड भराड़ी में होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा के बीच अभ्यर्थियों को रिफ्रेशमेंट सुविधा महकमे की तरफ से दी जाएगी। इस दौरान अभ्यर्थियों को मास्क, सैनेटाइजर, पानी की बोतल, बिस्कुट, जूस, केला और टिशू पेपर दिए जाएंगे।