पीएम के दौरे की तैयारियां को लेकर बैठक आयोजित।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ने प्रधानमंत्री के धर्मशाला दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री दोपहर बाद गग्गल हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी सम्मेलन हॉल में तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने रोड शो की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान राज्य के विभिन्न सांस्कृतिक दल अपने पारंपरिक परिधानों और संगीत वाद्ययंत्रों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिवों के अखिल भारतीय सम्मेलन स्थल और रोड शो स्थल का भी दौरा किया।
वहीं, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम धर्मशाला में मुख्य सचिवों का तीन दिवसीय पहला राष्ट्रीय सम्मेलन बुधवार को शुरू हुआ। केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने पहले दिन बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष दी जाने वाली महत्वपूर्ण प्रस्तुतियों की तैयारियां कीं। सम्मेलन में सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के अलावा केंद्र सरकार, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और विषयगत क्षेत्र के विशेषज्ञों का प्रतिनिधित्व करने वाले 200 से अधिक लोग भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सम्मेलन में ‘आजादी का अमृत महोत्सव-2047 का रोडमैप’ पर वीरवार को एक विशेष सत्र होगा।
इसके अलावा सम्मेलन में कारोबारी सुगमता के लिए अनुपालन बोझ को कम करने, छोटे अपराधों के गैर-अपराधीकरण, योजनाओं के अधिकतम कवरेज और अंतिम व्यक्ति तक वितरण सुनिश्चित करने के लिए केंद्र-राज्य समन्वय, भारत के बुनियादी ढांचे का बदलाव और क्षमता निर्माण, मिशन कर्मयोगी पर सत्र में विस्तृत चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में गहन चिंतन के बाद जो परिणाम निकलेंगे, उन पर नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा। इस बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और प्रशासक मौजूद रहेंगे। इसी के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सहमति के साथ एक कार्य योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।