प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीरवार को शिमला आ रहे हैं। वे शिमलावासियों के बीच लगभग ढाई घंटे तक रहेंगे। मोदी करीब एक बजे शिमला के रिज मैदान से भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित करेंगे। जुब्बड़ एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से अनाडेल पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री सड़क के रास्ते रोड शो कर रिज मैदान तक पहुंचेंगे।
विज्ञापन
रोड शो के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से वह रूबरू भी हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार वह अपने वाहन से एजी आफिस तक पहुंचेंगे। जहां से वह खुली जीप में बैठकर लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए रैली स्थल पहुंचेंगे।
रैली स्थल पर वह करीब एक घंटे जनता को संबोधित करेंगे और इसके बाद सीधे अनाडेल जाएंगे जहां से हेलीकाप्टर के जरिये वह चंडीगढ़ चले जाएंगे। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी वायु मार्ग से जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट उतरेंगे और उड़ान योजना का शुभारंभ करेंगे। इसी दौरान वे जुब्बड़हट्टी में ही हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार तक फिलहाल तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले नई दिल्ली से वायु मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। वहां से सेना के हेलीकॉप्टर में वे करीब सवा 11 बजे जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। नरेंद्र मोदी करीब 11 बजकर 25 मिनट से लेकर पौने 12 बजे तक देशभर के लिए सस्ते हवाई सफर की ‘उड़ान योजना’ शुरू करेंगे।
मोदी को रिसीव करने जाएंगे वीरभद्र
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर रिसीव करने जाएंगे। सीएम वीरभद्र सिंह हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर के शिलान्यास अवसर पर मौजूद रहेंगे। उस दौरान वहां तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली भी मौजूद रह सकते हैं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, नेता प्रतिपक्ष प्रेमकुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा समेत तमाम गणमान्य लोग भी यहां प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के शिलान्यास का कार्यक्रम स्थल बदला
सूत्रों की मानें तो हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर का शिलान्यास पहले रिज मैदान के टका बेंच पर रखा गया था। मगर इसे अब बदल दिया गया है। अब यह शिलान्यास उड़ान योजना शुरू करने के बाद जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट में ही किया जाएगा। नरेंद्र मोदी रिज मैदान पर आते ही पहले भाजपा नेताओं की ओर से सम्मानित किए जाएंगे। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे।
यूपी, उत्तराखंड की तरह हिमाचल में भी सरकार बनाएगी भाजपा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तरह भाजपा हिमाचल में भी सरकार बनेगी। प्रदेश की जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर काफी उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शेडयूल में थोड़ा परिवर्तन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साढ़े 11 बजे रिज मैदान रैली स्थल पर आएंगे।
नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और मुख्य प्रवक्ता राजीव बिंदल ने 27 अप्रैल को रिज मैदान पर होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली स्थल का निरीक्षण किया।
चारों वरिष्ठ नेताओं ने रैली की कमान अपने हाथ में ले ली है। शाम सवा पांच बजे यह नेता रिज मैदान पहुंचे। रिज मैदान का निरीक्षण करने के बाद चारों नेता टका बेंच गए। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण होना है। करीब पौने घंटे तक यह नेता रिज मैदान रैली स्थल का जायजा लेते रहे।
आज शिमला पहुंच सकते है शांता
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ सांसद शांता कुमार आज शिमला पहुंच सकते हैं। हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता बीते दो दिनों से रिज मैदान पर डटे हैं। उनके आज शिमला आने की संभावना है।
केंद्र करेगा मदद पर प्रदेश सरकार बनाए बेहतर योजनाएं : नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश से टीबी को मिटाने के लिए आर्थिक व तकनीकी सहयोग देगी लेकिन, इसके लिए प्रदेश सरकार को पहले एनएचएम से मिलने वाले फंड और प्रोजेक्टों का बेहतर इंप्लीमेंटेशन प्लान बनाना होगा। नड्डा ने यह बात मंगलवार को नेशनल हेल्थ मिशन की रिव्यू मीटिंग के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सरकार सार्वभौमिक चिकित्सा जांच पर जोर दे रही है तथा पहले चरण में देश के 100 जिलों को इस योजना के तहत लिया गया है जिसमें उच्च रक्तचाप तथा कैंसर जैसी भयावह 6 प्रकार की बीमारियों की नि:शुल्क जांच सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसी तरह एचआईवी रोगियों के लिए टेस्ट एंड ट्रीट योजना भी नई स्वास्थ्य योजना का एक अहम हिस्सा होगी।
उन्होंने चिकित्सकों से जेनेरिक दवाइयां ही लिखने को कहा जो कानूनन अनिवार्य है। प्रदेश में जल्द ही एम्स की स्थापना भी की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि राज्य की कुल प्रजनन दर देश की 2.3 की औसत दर के मुकाबले 1.7 प्रतिशत, शिशु मृत्यु दर देश की 37 की औसत दर के मुकाबले 28 तथा 5 वर्ष से कम आयु के शिशुओं की मृत्यु दर देश की 43 की औसत दर के मुकाबले 33 है। प्रदेश को 2025 तक क्षयरोग मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
कौल सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से स्वास्थ्य संस्थानों तथा नए मेडिकल कालेजों में अधोसंरचना के विकास एवं सुदृढ़ीकरण के लिए उदार धनराशि प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होने आईजीएमसी के स्तर-1 वाले ट्रामा सेंटर की ही तरह टांडा के लिए भी यही दर्जा प्रदान करने का आग्रह किया। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला, सिविल अस्पताल नूरपुर, पांवटा साहिब तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ के लिए चार और सीबीएनएएटी मशीनें उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
कहा कि एचआईवी पीड़ित लोगों को अंत्योदय अन्न योजना में शामिल किया जाएगा। बैठक में प्रधान सचिव स्वास्थ्य प्रबोध सक्सेना, निदेशक स्वास्थ्य सेवा डा. बलदेव ठाकुर, निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंकज राय, निदेशक स्वास्थ्य सुरक्षा एवं नियमन कैप्टन रमन के अलावा सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संपूर्ण स्वच्छता महा अभियान के तहत भाजपा पहले काम, फि र जलपान, फिर स्नान के ध्येय वाक्त को साकर करेगी। भाजपा कार्यकर्ता बुधवार को साढ़े सात बजे रिज मैदान और माल रोड़ पर सफाई कार्य को शुरू करेंगे।
इस महाअभियान में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती व भाजपा के वरिष्ठ नेता के साथ वार्डों के सभी कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
सभी कार्यकर्ता अपने साथ जलपान घरों से लाएंगे। स्वच्छता अभियान के पश्चात वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ता व सफाई कर्मचारी सहभोज करेंगे। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने कहा कि इस अभियान के लिए प्रदेश का वरिष्ठ नेतृव शिमला पहुंच चुका है।