फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu Dussehra 2022: प्रोटोकॉल तोड़कर हजारों की भीड़ में भगवान रघुनाथ के रथ तक पहुंचे पीएम मोदी, लिया आशीर्वाद

Wed, 05 Oct 2022 05:24 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

खास बातें

हिमाचल प्रदेश के अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता को 3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी। सबसे पहले 1,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने एम्स का उद्घाटन किया। पढ़ें पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
माथा टेकते पीएम नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:59 PM, 05-Oct-2022

51 मिनट तक रुके पीएम मोदी

भगवान रघुनाथ की रथयात्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा शुरू हो गया। पीएम नरेंद्र मोदी भी कुल्लू दशहरा के साक्षी बने। कुल्लू दशहरा के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री आए। भगवान रघुनाथ के आगे नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। रघुनाथ के आगे सात मिनट, मंच से 10 मिनट तक दोनों हाथ जोड़कर रथ यात्रा निहारते रहे। भगवान रघुनाथ की ओर से मोदी को बग्गा, दुपट्टा, फूलमाला और प्रसाद भेंट किया गया। रथ मैदान में सैंकड़ों देवताओं, हजारों लोगों की भीड़ के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 51 मिनट तक रुके।  

04:36 PM, 05-Oct-2022

देवता धूमल नाग ने भीड़ को किया नियंत्रित

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा देखने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में हजारों लोगों की भीड़ के बीच भगवान रघुनाथ के रथ के पास जा पहुंचे। इस दौरान ढालपुर मैदान में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले देवता धूमल नाग ने भीड़ को नियंत्रित किया और किसी को भी पीएम मोदी के करीब नहीं जाने दिया। यह नजारा देखने लायक था। प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान रघुनाथ के आगे शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।

03:57 PM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी ने माथा टेका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान रघुनाथ का आशीर्वाद लेने के लिए रघुनाथ के रथ के पास पहुंचे। भगवान रघुनाथ के आगे नतमस्तक हुए पीएम ने माथा टेका। भगवान रघुनाथ की ओर से पीएम मोदी को फूलों की माला, दुपट्टा और प्रसाद भेंट किया गया।
 

विज्ञापन
03:26 PM, 05-Oct-2022

ढालपुर मैदान पहुंचे पीएम मोदी

भगवान रघुनाथ 03:05 बजे ऐतिहासिक ढालपुर मैदान पहुंचे। भगवान रघुनाथ के पुहंचते ही ढालपुर मैदान जय श्री राम के जयकारों के साथ गूंज उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कुल्लू दशहरा देखने के लिए ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में पहुंच गए हैं। मंच पर सीएम जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
 

 

01:56 PM, 05-Oct-2022

सीएम जयराम ठाकुर की तारीफ की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर सीएम जयराम ठाकुर की सराहना की। पीएम ने कहा कि देश में हिमाचल पहला राज्य है जिसने ड्रोन नीति बनाई। आने वाले समय में इसका लोग बहुत लाभ उठाएंगे। आलू, फल ड्रोन से उठाकर बड़ी मंडी में पहुंचा सकते हैं। प्रदेश की सभी परियोजनाओं के लिए लोगों को एक बार फिर बधाई। पीएम मोदी ने भारत माता की जय के नारे लगाए।

विज्ञापन
01:46 PM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी बोले- हिमाचल के दोनों हाथों में लड्डू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क में सिर्फ तीन राज्य हैं और उसमें हिमाचल को चुना गया है। हिमाचल वीरों की धरती है, मैंने यहां की रोटी खाई है, मुझे यहां का कर्ज चुकाना है। आज मेडिकल टूरिज्म का दौर है। हिमाचल में मेडिकल टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। जब लोग विदेशों से उपचार कराने हिमाचल आएंगे तो आरोग्य होकर भी जाएंगे और यहां की खूबसूरत वादियां भी देखेंगे। हिमाचल के दोनों हाथों में लड्डू है।  
 

01:38 PM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी बोले- पूर्व सरकार सिर्फ शिलान्यास का पत्थर लगाती थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्व सरकार की विकृत सोच थी। अच्छी सड़कें, अच्छे शिक्षण संस्थान, अस्पताल, उद्योग सिर्फ दिल्ली और बड़े शहरों में होंगे। इस सोच की वजह से देश में विकास का असंतुलन पैदा हो गया। अब देश आधुनिक सोच से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश अभी स्वास्थ्य सुविधओं के लिए आईजीएमसी और टांडा पर ही निर्भर था। केंद्रीय विवि, आईआईएम, आईआईटी, आईआईआईटी और अब एम्स हिमाचल की शान बढ़ा रहा है। पूर्व सरकार शिलान्यास का पत्थर लगाती थी और चुनाव के बाद भूल जाती थी। अटकना, लटकना और भटकना का जमाना चला गया। ऊना के पास रेलवे लाइन बिछानी थी। रिव्यू कर रहा था तो देखा कि 35 साल पहले फैसला हुआ था। मैं हिमाचल का बेटा हूं, हिमाचल को कैसे भूल सकता हूं।
 

01:28 PM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी ने मां नयना देवी का जयकारा लगाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहाड़ी भाषा में अपना संबोधन शुरू करते हुए कहा- जय मां नैना देविया री, जय बजिये बाबे री। अज अऊं धन्य ओई गया। अज मिंजो दशहरे रे इस पावन मौके पर मां नयना देविया रा आशीर्वाद लैणे दा मौका मिलेया। कने एम्स री तुसां जो बड़ी बड़ी बधाई। बिलासपुर दी पहचान ऊण- कहलूरा दी बंदले धारा ऊपर हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज कने थले एम्स।
 

01:10 PM, 05-Oct-2022

हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी। 1,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने एम्स का उद्घाटन किया। इस अस्पताल की आधारशिला पीएम मोदी ने ही वर्ष 2017 में रखी थी। मोदी ने 1,611 करोड़ के उद्घाटन और अन्य शिलान्यास भी किए। पीएम ने बिलासपुर में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला का उद्घाटन किया। वहीं, बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क और भारतमाला परियोजना के तहत पिंजौर से नालागढ़ के बीच बनने वाले 31 किलोमीटर लंबे फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग का बिलासपुर से ही वर्चुअल शिलान्यास किया।  

01:04 PM, 05-Oct-2022

हिमाचल में भी इस बार बदला जाएगा रिवाज

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही तो हिमाचल को कोई अहमियत नहीं दी गई। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल को 10 हजार करोड़ के ज्यादा के प्रोजेक्ट मिले। पीएम मोदी ने देश में रिवाज बदल दिया है। जहां भाजपा की सरकार कभी सत्ता में नहीं आई वहां भी भाजपा की सरकारें बनी हैं। अब बारी हिमाचल की है। हिमाचल में भी इस बार रिवाज बदला जाएगा। 

12:49 PM, 05-Oct-2022

नड्डा बोले- हम एक बार नहीं कई बार उजड़े

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विजयादशमी के दिन पीएम मोदी हिमाचल की जनता को कई सौगातें देने आए हैं। नड्डा ने कहा कि मैंने राजनीतिक घटनाक्रम को शुरू से देखा है। पहले दिल्ली का हिमाचल के लिए सही दृष्टिकोण नहीं था। बिलासपुर कई बार उजड़ा। हम देने वाले बने, हमें कभी किसी ने कुछ नहीं दिया। कभी सोचा था कि प्रधानमंत्री आएंगे और एम्स देंगे। 3 अक्तूबर 2017 को इसी मैदान में शिलान्यास किया था। अब वह यहां उद्घाटन करने आए हैं। कांग्रेस के समय में क्या कभी ऐसा हुआ कि प्रधानमंत्री यहां शिलान्यास करने आए और उद्घाटन भी किया है। हिमाचल के लोग याद रखेंगे। बंदला की पहाड़ी को आज हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज मिला है। हिमाचल को मेडिकल डिवाइस पार्क भी मिल रहा है। शांता कुमार हमें अधिकार यात्रा में दिल्ली ले जाते थे। धूमल भी हक मांगने के लिए ले जाते थे। पीएम मोदी ने हमें विशेष श्रेणी का दर्जा लौटाया। 70 साल बाद हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिला। हिमाचल के सीधे और सरल लोगों को आवाज प्रधानमंत्री ने दी है, ताकत दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान दिया। मुझ जैसे व्यक्ति को अध्यक्ष बनाकर हिमाचल के आम आदमी को ताकत दी है। नड्डा ने कहा रीति बदलो, रिवाज बदलो, आने वाले समय में लोग ही रिवाज बदलेंगे।

12:42 PM, 05-Oct-2022

गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला भारत

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजयादशमी उत्सव को मनाने के लिए हिमाचल चुनने पर अभिनंदन किया। अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। अनुराग ने कहा कि देश मोदी के नेतृत्व में गुलामी की मानसिकता से बाहर निकल रहा है। कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है, जिसमें भारत पीछे रहा हो। अपने स्थान पर खड़े होकर नरेंद्र मोदी का स्वागत करने का अनुरोध किया।

12:36 PM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी ने हरणसिंघा बजाने का प्रयास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंच गए हैं। विजया दशमी के मौके पर पीएम मोदी पीतांबरी कुर्ता और सफेद पटका पहनकर मंच पर आए। हिमाचली टोपी और शॉल से पीएम मोदी का स्वागत किया गया। पीएम मोदी को हरणसिंघा भेंट किया गया। पीएम ने इसे बजाने का प्रयास भी किया। पीएम मोदी को बिलासपुर के जलमग्न मंदिरों का चित्र भी भेंट किया गया।

12:30 PM, 05-Oct-2022

जेपी नड्डा ने अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता को हटने को कहा

पीएम नरेंद्र मोदी के मंच पर आने से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद माइक की ओर बढ़े। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता को हटने को कहा और खुद नारे लगाए। स्वागत है जी स्वागत है, मोदी जी का स्वागत है। नड्डा ने कहा कि कुछ ही देर में पीएम मोदी हमारे बीच होंगे और हम उनकी बातों को सुनेंगे।

12:09 PM, 05-Oct-2022

मोदी जी को जय श्री राम के नारों से गूंजा लुहणू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलिकॉप्टर लुहणू मैदान में लैंड हो गया है। ढोल नगाड़ों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया गया। मोदी जी को जय श्री राम के नारों से लुहणू मैदान गूंज उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लुहणू मैदान में जनसभा कर चुनावी शंखनाद करेंगे। 

12:06 PM, 05-Oct-2022

कांग्रेस ने हमेशा बिलासपुर के साथ किया सौतेला व्यवहार

सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि यह प्रदेश के लोगों के लिए ऐतिहासिक पल है। दुनिया के सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहली बार उद्घाटन में पीएम के साथ हैं। बिलासपुर को हमेशा उजाड़ा ही गया। भाखड़ा, कोलडैम, एसीसी, अल्ट्राटेक, फोरलेन, रेललाईन ने बिलासपुर को उजाड़ा। पहली बार बिलासपुर बसने जा रहा है। एम्स जेपी नड्डा का ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसे पूरा किया इसके लिए बहुत-बहुत आभार। हाइड्रो कॉलेज की कक्षाएं कांग्रेस ने नगरोटा में शुरू करवाई थीं। भाजपा ने बंदला में कॉलेज तैयार करवाकर कक्षाएं शुरू कीं। कांग्रेस ने हमेशा बिलासपुर के साथ सौतेला व्यवहार किया। बिलासपुर को कोई भी बड़ा संस्थान नहीं दिया। फोरलेन में कांग्रेस ने लूटपाट की, करोड़ों का गोलमाल किया।

12:06 PM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी ने डायग्नॉस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया

पीएम नरेंद्र मोदी ने सी ब्लॉक में डायग्नॉस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया। एम्स से लुहणू के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का हेलिकॉप्टर रवाना हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी पांच मिनट में सभा स्थल पर पहुंचेंगे। 
 

11:51 AM, 05-Oct-2022

पीएम मोदी ने नक्शे पर ली हर ब्लॉक की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स बिलासपुर का उद्घाटन किया। पीएम मोदी एम्स में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ले रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सीएम जयराम ठाकुर भी मौजूद हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने एम्स के नक्शे पर हर ब्लॉक की जानकारी ली। एम्स के अधिकारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी को सभी तरह की सुविधाओं के बारे में अवगत करवाया।
 

11:45 AM, 05-Oct-2022

रणधीर शर्मा बोले- रिकॉर्ड समय में एम्स बनकर तैयार हुआ

भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को एम्स दे रहे हैं। पहले एम्स सिर्फ दिल्ली में था लेकिन पीएम मोदी ने कहा कि हर प्रदेश में एम्स होना चाहिए। शुरू के 11 प्रदेशों में हिमाचल को शामिल किया गया। जेपी नड्डा अनुराग की अगुवाई में एम्स बनने का रास्ता साफ हुआ। बिलासपुर के श्री नयना देवी जी विस क्षेत्र में एम्स का बनना बहुत बड़ी उपलब्धि है। पांच साल 2 दिन बाद आज पीएम मोदी एम्स का उद्घाटन कर रहे हैं। 3 अक्तूबर 2017 को पीएम मोदी ने ही एम्स का शिलान्यास किया था। दो साल कोरोना में गए फिर भी रिकॉर्ड समय में एम्स बनकर तैयार हुआ। एम्स के लिए 64 करोड़ की पेयजल स्कीम धरातल पर उतारी गई। रणधीर शर्मा ने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सीएम जयराम ठाकुर का आभार जताया। 

11:37 AM, 05-Oct-2022

3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी राज्य की जनता को 3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। सबसे पहले 1,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने एम्स का उद्घाटन करेंगे। इस अस्पताल की आधारशिला पीएम मोदी ने ही वर्ष 2017 में रखी थी। मोदी 1,611 करोड़ के उद्घाटन और अन्य शिलान्यास भी करेंगे। पीएम बिलासपुर में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला का उद्घाटन करेंगे। वहीं, बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क और भारतमाला परियोजना के तहत पिंजौर से नालागढ़ के बीच बनने वाले 31 किलोमीटर लंबे फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग का बिलासपुर से ही वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। 

11:25 AM, 05-Oct-2022

Kullu Dussehra 2022: प्रोटोकॉल तोड़कर हजारों की भीड़ में भगवान रघुनाथ के रथ तक पहुंचे पीएम मोदी, लिया आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश के लोगों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी कुछ ही देर में बिलासपुर एम्स का लोकार्पण करेंगे। वे 11:20 बजे हेलीकाप्टर से बिलासपुर एम्स पहुंचे। हेलीपैड से सीधे एम्स के सी ब्लॉक जाएंगे। वहां एम्स का लोकार्पण करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें