शिमला में पेट्रोल-डीजल के दाम।
- फोटो : अमर उजाला
पेट्रोल और डीजल के दाम में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार को पेट्रोल के दाम में 78 पैसे और डीजल के दाम में 73 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही शिमला में पेट्रोल के दाम करीब 104.79 रुपये प्रति लीटर व डीजल करीब 88.68 रुपये प्रति लीटर पहुंच गए हैं। सोलन में पेट्रोल करीब 104.09 रुपये और डीजल 88.14 रुपये प्रति लीटर है। उधर, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर अब राशन पर भी पड़ने लगा है। आम आदमी को आटा-चावल के लिए भी जेब ढीली करनी पड़ेगी। राजधानी शिमला में आटा, चावल, रिफाइंड और मसाले समेत कई चीजों के दाम बढ़ गए हैं। अनाज मंडी के कारोबारियों के मुताबिक मालभाड़ा बढ़ने से राशन के दाम बढ़े हैं। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के अलावा दक्षिणी राज्यों से सप्लाई होने वाले राशन के रेट दो से तीन रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।
शहरवासियों पर सबसे ज्यादा मार आटा, चावल के रेट बढ़ने से पड़ने वाली है। शहर में आटे के रेट दस दिन में ही तीन रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। चक्की आटे के रेट 30 से 33 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं। 10 किलो की आटे की थैली जो 280 से 300 रुपये मिल रही थी, वह अब 330 रुपये में बिक रही है। आटा मिल संचालकों का कहना है कि इस थैली का होलसेल रेट ही 307 रुपये है। रिटेल में यह 330 रुपये की बिक रही है। ब्रांडेड कंपनियों की आटे की दस किलो की थैली 350 से 380 पार कर गई है। परमल चावल के दाम भी बढ़े हैं। 33 रुपये प्रतिकिलो वाला परमल अब 35 जबकि 38 वाला 40 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। बासमती चावल में भी दो से तीन रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। रिफाइंड के रेट में सबसे ज्यादा तेजी आई है। 15 दिन में ही रिफाइंड 160 से 170 पार कर गया है। शहर में अनाज मंडी और उपनगरों के रेट भी अलग हैं।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम(प्रति लीटर में)
शहर पेट्रोल डीजल
हमीरपुर 103.35 87.52
मंडी 104.13 88.22
धर्मशाला 103.81 87.81
नाहन 104.52 88.89
ऊना 102.51 87.80
कुल्लू 104.30 88.35
सोलन 104.09 88.14
शिमला 104.79 88.68
बिलासपुर 103.47 87.65
चंबा 104.40 88.49
मसालों में तेजी की संभावना : अध्यक्ष
जीरा समेत गरम मसाले महंगे हुए हैं। दिल्ली में इनके रेट बढ़े हैं। आने वाले दिनों में इनके दाम में और तेजी आ सकती हैं। धनिया, चायपत्ती और दालों के रेट अभी स्थिर हैं।
दी
पक श्रीधर, अध्यक्ष अनाज मंडी एसोसिएशन
आटे, चावल के रेट में बढ़ोतरी : व्यापार मंडल
आटे, चावल की सप्लाई महंगी हुई है। रिटेल रेट दो से चार रुपये तक बढ़े हैं। मालभाड़ा बढ़ने से हर राशन आने वाले दिनों में एक से दो रुपये प्रतिकिलो महंगा हो सकता है।
संजीव ठाकुर, अनाज कारोबारी एवं अध्यक्ष शिमला व्यापार मंडल