अभी तक 57 लाख की ठगी आई सामने
एसएचओ हरोली सुनील सांख्यान ने बताया कि पुलिस जांच में अभी तक 57 लाख रुपये का ठगी सामने आ चुकी है। हालांकि कई और लोग भी आरोपी पर ठगी करने का आरोप लगा रहे हैं, जिसकी हरोली थाना में लगातार शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पंजावर में एक आयुर्वेदिक दवाई की दुकान खोल रखी थी। इस कारण लोग उसको डॉक्टर साहब के नाम से पहचानते थे। कई लोगों को दवाई का असर भी हुआ था, जिस कारण लोग उस पर काफी विश्वास करते थे। इस बात का लाभ उठाकर आरोपी ने लोगों को कई तरह के प्रलोभन दिए, जिसमें किसी से कमीशन, किसी को सस्ता सरिया सीमेंट देने, किसी को अतिरिक्त ब्याज देने के नाम पर तथा कई लोगों को बिजनेसमैन बताकर उनकी आलू की फसल खरीद कर इस ठगी को अंजाम दिया। आरोपी पिछले तीन वर्षों से लगातार पंजावर क्षेत्र में रह रहा था।
आरोपी ने दूसरे के नाम पर दिए चेक
डीएपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी है। वह जिला शिमला का रहने वाला है, जो पिछले 10 वर्ष से अपने घर भी नहीं जाता था। उसके पिता ने भी वर्ष 2019 में उसको ऐसे ही गलत कारनामों के लिए बेदखल भी किया हुआ था। आरोपी ने कई लोगों को पैसे देने की एवज में चेक भी दिए, परंतु वह चेक भी अपने नाम से न देकर अन्य लोगों के नाम पर दिए गए हैं।