कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की मानसिकता का लाभ उठाते हुए साइबर अपराधियों ने अब हिमाचल के लोगों को क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ समय में साइबर क्राइम पुलिस के पास ऐसे कई मामले पहुंचे हैं जिनमें फर्जी वेबसाइटों के जरिये ठगों ने लोगों को पैसा निवेश करने और उससे 50 फीसदी से ज्यादा के गारंटी फायदे की बात कही गई। ऐसी वेबसाइटों में झांसे में आकर लोग अपनी गाढ़ी कमाई को थोड़े लालच की वजह से गंवा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि हाल ही में रामपुर में भी एक ऐसी ही फर्जी वेबसाइट की वजह से कई लोगों के पचास लाख से ज्यादा चले गए। जांच कर एक आरोपी को पकड़ गया है और बाकियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मामलों में लोग खुद ही ठगी की वजह बन रहे हैं। ठग अच्छे रिटर्न या पैसा डबल करने जैसे लालच देते हैं और लोग खुद ही अपना पैसा ठगों के हवाले कर देते हैं। इसी तरह ओटीपी या मोबाइल एप्स के जरिये होेने वाली ठगी में भी लोग खुद जालसाजों की बातों में आकर पैसें गवा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि लोग किसी अंजान के ऐसे झांसों में न आए। साथ ही फ्रॉड होने की सूरत में तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क करें।