बोले-बैठक बुलाकर भूल गया जिला प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के भट्ठाकुफर में मंगलवार को बैठक के लिए पहुंचे स्थानीय लोगों को अधिकारियों के न आने के बाद वापस लौटना पड़ा। जन प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय लोग काफी देर तक इंतजार करते रहे लेकिन न तो जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे न ही एनएचएआई के अफसर आए।
इससे स्थानीय लोग काफी निराश दिखे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सोमवार को मौके पर आकर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनने की बात कही थी। इसके लिए भट्ठाकुफर बाजार के दुकानदार और लोग मंगलवार सुबह 11:00 बजे ही मौके पर पहुंच गए। इस क्षेत्र में टनल निर्माण के चलते जमीन धंस रही है। लोगों के घरों, दुकानों में दरारें आ गई हैं। लोग चाहते थे कि प्रशासन इन्हें देखे और संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश जारी करे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भट्ठाकुफर से नगर निगम पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने की बात कही थी लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। कुछ लोगों ने एनएचएआई के अधिकारियों से फोन पर बात की। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें जिला प्रशासन की ओर से बैठक के लिए कोई सूचना नहीं दी गई है। पार्षद ने कहा कि काफी देर तक अधिकारियों का इंतजार करने के बाद बैठक के लिए पहुंचे लोग वापस लौट गए।
लोगों को दे दी थी बैठक रद्द होने की सूचना
एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा ने कहा कि भू विज्ञानी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही लोगों के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक रद्द होने की सूचना सुबह ही स्थानीय लोगों को दे दी गई थी। जल्द ही अब यह बैठक बुलाई जाएगी।