शिमला के लोगों को सर्कुलर रोड पर येलो लाइन पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के लिए 600 रुपये मासिक फीस चुकानी होगी। नगर निगम के डिप्टी मेयर टिकेंद्र पंवर ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने न्यायालय के आदेशों पर सर्कुलर रोड पर 845 वाहनों के लिए पार्किंग चिन्हित की है। शहर का सर्कुलर रोड पीडब्ल्यूडी के अधीन है। विभाग ने नगर निगम को सड़क किनारे येलो लाइन पार्किंग चिन्हित कर पेड पार्किंग चलाने का अधिकार दिया है।
सुरक्षा की पूरी जिम्मेवारी संबंधित ठेकेदार की होगी। दोपहिया वाहनों के लिए मासिक फीस 400 रुपये तय की है। येलो लाइन पर पेड पार्किंग का विरोध कर रहे स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज पर पलटवार करते हुए टिकेंद्र पंवर ने कहा कि 28 फरवारी 2015 को नगर निगम की 11वीं साधारण बैठक में भाजपा के पार्षदों ने हाथ उठा कर येलो लाइन पर पेड पार्किंग शुरू करने के प्रस्ताव का समर्थन किया था। सहयोगी सदस्य होने के बावजूद विधायक हाउस में मौजूद नहीं थे।
यह होगी पार्किंग फीस
चौपहिया वाहन
2 घंटे---------10 रुपये
4 घंटे---------20 रुपये
6 घंटे---------30 रुपये
12 घंटे---------40 रुपये
मासिक शुल्क---600 रुपये
दोपहिया वाहन
2 घंटे---------5 रुपये
4 घंटे---------10 रुपये
6 घंटे---------15 रुपये
12 घंटे---------20 रुपये
मासिक शुल्क-----400 रुपये
बैम्लोई में पार्किंग बीजेपी एजेंट के पास
टिकेंद्र पंवर ने कहा कि बैम्लोई में स्थानीय विधायक का एजेंट कई सालों से येलो लाइन पर पेड पार्किंग चला रहा है। नए सिरे से टेंडर होने के बाद बीजेपी के एजेंट से कहीं पार्किंग छिन न जाए, इस डर से विधायक नगर निगम के अभियान का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने यह फैसला लोगों की सुविधा के लिया है। येलो लाइन पार्किंग के शुरू होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।