नगर निगम से सड़क की मरम्मत करवाने की मांग संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के बालूगंज स्थित गुरुद्वारा साहिब संपर्क मार्ग की खस्ता हालत के चलते लोग परेशान हैं। सड़क में पैदल आवाजाही करने वाले बुजुर्ग कई बार गिर कर घायल हो चुके हैं।
यह सड़क बालूगंज और कालका-शिमला रोड को जोड़ती है। इसमें लंबे समय से टारिंग नहीं हुई है। यहां से लोग रोजाना बड़ी संख्या में पैदल आवाजाही करते हैं। ऐसे में जल्द इस सड़क की मरम्मत करना आवश्यक है। श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब बालूगंज की प्रबंध समिति की एग्जीक्यूटिव बैठक में सड़क की खस्ताहालत पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से इस बात पर चिंता व्यक्त की गई कि पिछले कई वर्षों से गुरुद्वारा साहिब संपर्क मार्ग (लंबाई मात्र 220 मीटर) पर तारकोल नहीं बिछाया गया है। इस कारण गुरुद्वारा साहिब आने वाले श्रद्धालुओं विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार खराब सड़क के कारण गिरने से वरिष्ठ नागरिक घायल हो चुके हैं। समिति ने आयुक्त भूपेंद्र अत्री, महापौर सुरेंद्र चौहान और बालूगंज वार्ड के पार्षद दलीप थापा से आग्रह किया है कि इस सड़क की मरम्मत के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। बैठक में सभा से गुरुद्वारा बोर्ड के चेयरमैन राजिंदर सिंह, अध्यक्ष गुरसागर सिंह, उपाध्यक्ष एस. चरणजीत सिंह, महासचिव नीरज ग्रोवर, सचिव गुरदर्शन सिंह और अन्य सदस्य मौजूद रहे।