गोहर (मंडी)। राजस्व के लंबित कार्यों को निपटाने के लिए चलाए गए अभियान के सकारात्मक परिणाम आने के बाद अब फिर दो महीने विशेष अभियान चलाया जाएगा। 1 फरवरी से 31 मार्च तक चलाए जाने वाले अभियान में तकसीम, निशानदेही, इंतकाल आदि के मामलों का निपटारा किया जाएगा।
पूर्व के अभियान की भांति सभी कानूनगो अपने-अपने पटवार सर्किल में टीमें बनाकर लंबित राजस्व मामलों को निश्चित समय में पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे। इस अवधि के दौरान हर पटवार सर्किल एवं कानूनगो कार्यालय का निरीक्षण किया जाएगा। जमीनी स्तर पर राजस्व मामलों का रिव्यू पटवारी एवं कानूनगो स्तर पर किया जाएगा।
इस अवधि के दौरान रविवार एवं अन्य राजपत्रित अवकाश के दिन भी आवश्यकता पड़ने पर कार्य करना होगा। विशेष अभियान के दौरान कोई भी कानूनगो, पटवारी अपना कार्य स्थल बिना अनुमति के अवकाश पर नहीं छोड़ेंगे। इस अभियान के तहत तहसीलदार और नायब तहसीलदार उनके पास लंबित तकसीम, निशानदेही, इंतकाल एवं कब्जों के मामलों को इस अवधि में निपटाना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को राजस्व मामलों पर न्याय और राहत मिल सके।
एसडीएम गोहर लक्ष्मण कनेट ने उपमंडल गोहर के सभी पटवारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान के तहत लोगों को खानगी तकसीम के फायदे के बारे में बताएं। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि निशानदेही की प्रक्रिया के लिए जो भी तिथि निर्धारित की जाए, उस दिन मौके पर जरूर मौजूद रहें। संवाद