प्रेस वार्ता में जानकारी देते सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह।
- फोटो : अमर उजाला
राज्य सहकारी बैंक के करीब 1800 कर्मचारियों और अधिकारियों का वेतन प्रतिमाह तीन से 30 हजार तक बढ़ेगा। बैंक प्रबंधन ने संशोधित वेतनमान देने का फैसला ले लिया है। एक जनवरी 2016 से वित्तीय लाभ मिलेगा। संशोधित वेतनमान का एरियर देने के लिए बैंक पर 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च पड़ेगा। प्रतिमाह वेतन बढ़ोतरी होने पर दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ बैंक पर पड़ेगा। जल्द ही संशोधित वेतन जारी होगा।
शुक्रवार को सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह ने राजधानी शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। बैंक अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह ने चार वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च 2022 तक सहकारी बैंक ने 135.60 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ और 225.67 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है। 31 मार्च 2018 को शुद्ध लाभ 49.78 करोड़ रुपये और सकल लाभ 111.19 करोड़ रुपये था।
सकल लाभ में बैंक ने 31 मार्च 2018 के मुकाबले 103 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। उन्होंने बताया कि बैंक के इतिहास में पहली बार 135.60 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया है। मार्च 2018 के मुकाबले मार्च 2022 में बैंक के कुल कारोबार में 13.15 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। बैंक का कुल कारोबार 19,944.05 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 31 मार्च 2018 को कुल कारोबार 15165.71 करोड़ रुपये था।
अध्यक्ष बालनाटाह ने बताया कि बैंक का एनपीए 3.58 फीसदी है। सहकारी बैंक प्रदेश का एकमात्र ऐसा बैंक है जहां एनपीए को कंप्यूटर के माध्यम से ऑटोमेशन पर रखा गया है। ग्राहकों की ओर से किस्तें जमा नहीं करवाने पर उनसे संपर्क किया जाता है। इस कारण एनपीए लगातार कम हुआ है। उन्होंने बताया कि डिजिटल पेमेंट के बढ़ने से एटीएम मशीनों को लेकर लोगों में रुझान कम हुआ है।
कोल्ड स्टोर, वेयरहाउस बनाने को नौ फीसदी ब्याज पर मिलेगा ऋण
बैंक की ओर से फल उत्पादकों को कोल्ड स्टोर और वेयरहाउस बनाने के लिए नौ फीसदी ब्याज पर ऋण देने के लिए नई योजना शुरू की गई है। योजना के तहत भारत और हिमाचल सरकार की ओर से कुल ऋण राशि पर 33 फीसदी तक सब्सिडी दी जाती है।
59 सहायक प्रबंधकों की भर्ती का प्रस्ताव तैयार
बैंक में जल्द ही 59 सहायक प्रबंधकों की भर्ती की जाएगी। लोकसेवा आयोग को भर्ती प्रक्रिया से संबंधित प्रस्ताव भेजने के लिए तैयार कर लिया गया है। सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले पदों को देखते हुए भर्तियां की जा रही हैं।