हिमाचल में पटवारियों ने 400 से ज्यादा पटवार सर्कलों में काम ठप करने की चेतावनी दी है। मांगों की समय पर सुनवाई नहीं होने पर संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो संघ गुस्सा गए हैं।
ये सोमवार को अतिरिक्त कार्यभार वाले सर्कलों की चाबी तहसीलदारों को सौंप देंगे। संघ के प्रदेश महासचिव राकेश शर्मा ने इस तरह का निर्णय लेने की जानकारी दी है।
संघ के महासचिव राकेश शर्मा ने कहा कि संयुक्त पटवार संघ एवं कानूनगो संघ हिमाचल प्रदेश की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि राज्य में जितने भी पटवार सर्कलों का पटवारियों के पास अतिरिक्त कार्यभार हैं, उन सभी की चाबी संबंधित तहसीलदारों को सौंपी जाएगी।
हालांकि, ये केवल अपने हलकों में कार्य सुचारू रूप से करते रहेंगे। राकेश शर्मा ने कहा कि एक तो पटवारियों और कानूनगो के प्रमोशन का रास्ता रोक दिया गया है, वहीं उन पर दो से अधिक पटवार सर्कलों के कार्यभार का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भू-सुधार कानूनगो और उपमंडल कानूनगो के पदों को खत्म करने का काम चल रहा है। ये पद लगभग 80 हैं। इसके अतिरिक्त पटवारियों और कानूनगो की कई अन्य मांगों को भी अनसुना किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में तहसीलदारों के एचएएस में प्रमोशन कोटे को भी 27 से घटाकर 25 कर दिया गया है। इसके लिए भी संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो संघ सरकार के साथ है। पटवारी एवं कानूनगो संघ के राष्ट्रीय डेलीगेट बालकृष्ण वर्मा ने कहा कि एकमत से पटवारी चाबी सौंपने के निर्णय को लागू करेंगे।