प्रदेश विश्वविद्यालय कोर्ट के विश्वविद्यालय कमेटी रूम में कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद के लिए सदस्य का चुनाव किया गया।
राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय टांडा के प्राचार्य डा. अनिल चौहान को सर्वसम्मति से भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (एमसीआई) के लिए सदस्य चुना गया।
उनके नाम का प्रस्ताव विवि कार्यकारी परिषद के सदस्य चंद्रशेखर ने रखा। विश्वविद्यालय कोर्ट के निर्वाचित सदस्य तेजराम शर्मा, चौधरी वरयाम सिंह बैंस, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय आईजीएमसी के प्राचार्य डा. एसएस कौशल ने समर्थन किया।
बैठक में प्रति-कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान, कुलसचिव प्रो. मोहन झारटा, निदेशक आयुर्विज्ञान शिक्षा और अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कुलपति प्रोे. एडीएन बाजपेयी ने एक वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय में हुई गतिविधियों की रिपोर्ट रखी। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी दी।