प्रदेश में सस्ते राशन के पांच हजार डिपुओं में पतंजलि के सस्ते प्रोडक्ट बेचने की योजना फिलहाल सिरे चढ़ते नहीं दिख रही। पतंजलि ने हिमाचल सरकार को अपने उत्पादों के दाम घटाने से मना कर दिया है।
इस महीने के आखिर में सरकार अब योग गुरु बाबा रामदेव से मिलकर उत्पादों का मोलभाव करेगी। योजना के मुताबिक हर उत्पाद में दो रुपये तक की छूट मिलती है तो प्रदेश के लाखों लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
वर्तमान में सरकार हिमाचल के 18.5 लाख राशन कार्ड उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर राशन उपलब्ध कराती है। सरकार चाहती है कि बाजार मूल्य की अपेक्षा डिपुओं में सस्ते राशन के अलावा लोगों को पतंजलि के उत्पाद भी कम दामों पर मिलें।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने अधिकारियों से डिपुओं में पतंजलि प्रोडक्ट बेचने के लिए बैठक की थी।
सरकार का मानना है कि इससे लोगों और प्रदेश सरकार दोनों को फायदा होगा। खाद्य आपूर्ति निगम के एमडी एसएस गुलेरिया ने बताया कि पतंजलि उत्पादों के दाम कम करने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव से बातचीत की जाएगी।