शिमला। राजधानी में पार्किंग, एस्केलेटर, लिफ्ट और फ्लाईओवर जैसे मेगा प्रोजेक्ट एक साल के भीतर धरातल पर उतारने होंगे। सरकार ने 30 जून 2023 तक हर हाल में सारे काम निपटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अफसरों को खुद फील्ड में जाकर काम की प्रगति का जायजा लेने को कहा गया है।
प्रदेश सचिवालय में सोमवार को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव रामसुभग सिंह ने सभी महकमों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी महकमों ने अपने कार्यों की प्रोग्रेस रिपोर्ट रखी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन कामों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका काम जल्द शुरू करवाया जाए। शहर में चार फ्लाईओवर बनने हैं, लेकिन इनका काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। खलीनी, विधानसभा, बालूगंज और चक्कर क्रॉसिंग पर इनका निर्माण होना है। लोक निर्माण विभाग को इनका काम जल्द शुरू करने को कहा है। रिज को बचाने के लिए प्रोजेक्ट भी जल्द शुरू करने को कहा गया है।
इसके अलावा एस्केलेटर, पार्किंग जैसे प्रोजेक्टों पर भी काम करने को कहा गया है। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, आरटीडीसी की ओर से करवाए जा रहे कामों की भी रिपोर्ट ली गई।