वर्चुअल माध्यम से जिला के समस्त उपमण्डलाधिकारियों से मानसून की तैयारियों के संदर्भ में बैठक की ?
- फोटो : SHIMLA CITY
शिमला। मानसून और सेब सीजन के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन की दूसरी बैठक सोमवार को उपायुक्त आदित्य नेगी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से सभी एसडीएम को भूस्खलन के संवेदनशील स्थान चिह्नित करने और आपदा के समय पर्याप्त मात्रा में लेबर एवं मशीनरी उपलब्धता करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेब सीजन में बागवानों को अपने उत्पाद फल मंडी में पहुंचाने में किसी भी तरह की परेशानी पेश नहीं आएगी। इसके लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मुख्य सड़कों एवं संपर्क मार्गों को दुरुस्त रखने के आदेश दिए।
उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को नालियों एवं नालों की सफाई सुनिश्चित करवाने के साथ बीडीओ, पंचायत सचिवों और पंचायत जन प्रतिनिधियों को भी पंचायतों में बावड़ियों की सफाई करवाने के भी निर्देश दिए। पंचायत में उपलब्ध टेस्टिंग किट का पेयजल की गुणवत्ता निर्धारित करने में प्रयोग करें। दूषित पानी से पीलिया एवं आंत्रशोथ जैसी बीमारियां होती हैं। उन्होंने क्लोरीनेशन के महत्व पर भी जोर दिया।
इस दौरान डीसी ने अधिकारियों को सेब की ढुलाई के संदर्भ में 30 जून तक ट्रक एवं पिकअप यूनियन से भाड़ा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) राहुल चौहान, एडीएम (प्रोटोकॉल) सचिन कंवल, एसडीएम ग्रामीण निशांत ठाकुर और जिला सूचना अधिकारी पंकज गुप्ता मौजूद रहे।