जयराम सरकार प्रदेश के पंजीकृत मछुआरों को जल्द लाइफ जैकेट देगी। इसके लिए मछली पालन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह बात शीत सत्र के तीसरे दिन देहरा के विधायक होशियार सिंह के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में पूछे गए सवाल के जवाब में मछली पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कही। होशियार सिंह ने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र में मछुआरों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं है। मछुआरे बिना लाइफ जैकेट मछलियां पकड़ने जाते हैं। सरकार मछुआरों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि डूबने से मरने वाले मछुआरे को तैरना नहीं आता था।
उन्होंने सरकार से लाइसेंस जारी करने से पहले मछुआरे के तैरने का टेस्ट लेने की बात कही। जवाब देते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पंजीकृत मछुआरों को सरकार 40 और 60 प्रतिशत अनुदान पर सुरक्षा उपकरण दे रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री बीमा योजना का लाभ दे रही है। इस वित्त वर्ष में जलाशयों के 250 मछुआरों को सुरक्षित मछली शिकार करने के लिए आधुनिक किस्ती, लाइफ जैकेट व बरसाती तिरपाल मुहैया करवा दिए हैं। जल्द ही सभी मछुआरों को लाइफ जैकेट देने का प्रावधान किया जाएगा।
पंजीकृत मछुआरों की संख्या
गोबिंद सागर व कौल डैम- 2565
चमेरा व रणजीत सागर - 199
पौंग बांध - 2725
वर्ष डूबने से मरे मछुआरे
2015-16 6
2016-17 7
2017-18 3
2018-19 4
2019 से अभी तक 2