हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत पंचायतीराज विभाग में की जा रही पंचायत सहायकों की भर्ती के साक्षात्कार में कोई भी अभ्यर्थी न छूट जाए, इसलिए बोर्ड हर अभ्यर्थी को दूरभाष पर संपर्क कर सूचना दे रहा है। इसके लिए बोर्ड ने बाकायदा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। शनिवार और रविवार को दो दिन बोर्ड के कर्मचारी साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को सूचना देंगे।
इतना ही नहीं, अभ्यर्थियों को फोन के माध्यम से न केवल साक्षात्कार की तिथि बताई जा रही है, बल्कि साक्षात्कार की अन्य जानकारी भी दी जा रही है। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से पंचायतीराज विभाग में पंचायत सहायकों के 280 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए बोर्ड ने पूर्व में लिखित परीक्षा ली थी। इसमें 1539 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है।
जिलावार बनाई है अभ्यर्थियों की सूची
इन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 12 अक्तूबर से राज्य भर के जिला परिषद कार्यालयों में जिलावार लिए जा रहे हैं। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड की सूचना अधिकारी अंजू पाठक ने बताया कि बोर्ड सभी अभ्यर्थियों को फोन के माध्यम से सूचना देकर साक्षात्कार की जानकारी दे रहा है। इसके लिए बोर्ड ने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।
कांगड़ा जिले के 490 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। मंडी के 217, हमीरपुर के 108, शिमला के 238, बिलासपुर के 84, सिरमौर के 56, किन्नौर 22, सोलन 96, कुल्लू 54, चंबा 54, ऊना 105 और लाहौल-स्पीति के 16 अभ्यर्थी आरक्षित और अनारक्षित वर्ग के लिए साक्षात्कार के लिए चुने गए हैं।