महिला मंडल की सात सदस्य ने भी दिया सामूहिक त्यागपत्र, ठेके का प्रतिनिधि कई दिन से जता रहे हैैं विरोध
विज्ञापन
पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत अधिकारी को सौंपा इस्तीफे
महेंद्र कुमार
सुन्नी (शिमला)। उपमंडल सुन्नी की पंचायत चेबड़ी के खैरा में शराब का ठेका खोलने के विरोध में पंचायत प्रधान, उपप्रधान सहित समस्त वार्ड सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने सोमवार को पंचायत अधिकारी को अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं। इसके अलावा सात महिला मंडलों की सदस्यों ने भी अपने पद से सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। पंचायत में शराब के ठेके खोलने के विरोध में पंचायत के प्रतिनिधियों समेत स्थानीय ग्रामीण कई दिन से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन प्रशासन की ओर से इसके बावजूद इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया गया। इससे नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने पद से इस्तीफा दिया है।
विज्ञापन
सोमवार को पंचायत प्रधान छविंद्र पाल, उपप्रधान देशराज, सदस्य नरेश, ज्योति, कविता, ओम प्रकाश और अचला ने जिला पंचायत अधिकारी को अपने इस्तीफे सौंपे। इसके अलावा महिला मंडल की सात सदस्यों ने सामूहिक तौर पर एसडीएम सुन्नी को अपने इस्तीफे सौंपे हैं। प्रधान छविंद्र पाल ने बताया कि करीब डेढ़ महीने से चेबड़ी में शराब का ठेका खोलने के विरोध में पंचायत की जनता प्रदर्शन कर रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से लगातार उनकी मांगों को लेकर अनदेखी की जा रही। इस कारण से पंचायत पदाधिकारियों, वार्ड सदस्यों और महिला मंडल की सदस्यों ने इस्तीफे का फैसला लिया है। प्रदर्शन से रोकने के लिए प्रशासन की ओर से भी मध्यस्थता की गई लेकिन यह कोशिश नाकाम रही। पंचायत ने निर्णय आबकारी एवं कराधान विभाग के मनमाने रवैये के खिलाफ लिया है। मई में चेबड़ी पंचायत के खैरा में खुले शराब ठेके का पंचायत की महिलाओं सहित क्षेत्र के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया था।
महिलाओं के खिलाफ दर्ज करवा रखा है केस
पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडल की सदस्यों और स्थानीय ग्रामीण चेबड़ी के खैरा में शराब ठेका खोलने का विरोध कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि शराब के ठेके को किसी ओर जगह पर स्थानांतरित किया जाए। इस दौरान विरोध कर रही महिलाओं पर ठेकेदार ने मुकदमा भी दर्ज करवाया है, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। इसको देखते हुए विरोध कर रहे पंचायत प्रतिनिधियों और महिला मंडल की सदस्यों ने मांगे न मानने पर सामूहिक इस्तीफा का फैसला लिया।